महासमुन्द

बागबाहरा में अभा स्तरीय महिला-पुरूष कबड्डी कल से
07-Feb-2024 2:53 PM
बागबाहरा में अभा स्तरीय महिला-पुरूष कबड्डी कल से

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 फरवरी।
बागबाहरा के स्थानीय जय चंडी खेल कला क्लब द्वारा 8 से 11 फरवरी तक नगर में अखिल भारतीय स्तरीय महिला एवं पुरूष कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन समिति का यह दूसरा वर्ष है। संभवतया बागबाहरा अंचल में पहला नगर है। जहां गत वर्ष से कबड्डी के बड़े आयोजन हो रहे हैं। आयोजन सिटी सिनेमा के पास 8 फरवरी शाम से प्रारंभ होगा।

क्लब के अध्यक्ष दीपक यादव ने बताया कि गत वर्ष की भांति देश के विभिन्न स्थानों में कबड्डी की टीमें भाग लेने जाएंगी। इसमें दिल्ली, हरियाणा, बिहार, ओडि़शा, महाराष्ट्र वर्धा, नागपुर,यूपी, कोलकाता पश्चिम बंगाल,राजनांदगांव सहित छग के अनेक नामी-गिरामी महिला पुरूष टीमें भाग ले रही हैं। जिनकी स्वीकृति मिल चुकी है। प्रतियोगिता में पुंडुचेरी, मुंबई की टीमों के भाग लेने की संभावना है। प्रतियोगिता का शुभारंभ कल 8 फरवरी शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ होगा। 

क्षेत्रीय विधायक द्वारिकाधीश यादव मुख्य अतिथि होंगे। अध्यक्षता नपाध्यक्ष श्रीमती हीराबाई बघेल करेंगी। 9 फरवरी को प्रदेश के खेलमंत्री टेकराम वर्मा, महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा की अध्यक्षता में पुरूष वर्ग की स्पर्धा का शुभारंभ करेंगे। इसी प्रकार महिला वर्ग की स्पर्धा का उद्घाटन प्रदेश के उच्च शिक्षा एवं धर्मस्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, जिला भाजपाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी की अध्यक्षता में करेंगे। 

11 फरवरी को समापन सांसद चुन्नीलाल लाल साहू के आतिथ्य में जनपद अध्यक्ष स्मिता चन्द्राकर की अध्यक्षता में होगा। श्री यादव ने बताया कि उक्त प्रतियोगिता प्रेरणा स्त्रोतजनों की स्मृति में आयोजित की जा रही है।

इसमें नगर के गणमान्य नागरिकों द्वारा अपने परिजनों की स्मृति में प्रथम से लेकर चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली महिला पुरूष टीमों को नगद के साथ शील्ड प्रदान किया जायेगा।

 


अन्य पोस्ट