महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 6 फरवरी। लाखागढ़ के एकमात्र स्कूल में आठ दुकानें बना कर बेचने की साजिश को असफल करते हुए अंतत: कल अलसुबह सभी निर्माणाधीन अवैध दुकानों को स्थानीय प्रशासन ने जमींदोज कर दिया।
ज्ञात हो कि कार्यपालक दंडाधिकारी के आदेश के बावजूद उक्त दुकानों पर कार्रवाई नहीं हो रही ती। जिस पर गुस्साईं ग्रामीण महिलाए ने सोमवार को स्थानीय प्रशासन को उनके कर्तव्य याद दिलाने चूडिय़ां भेंट करने का निर्णय लिया था।
मिली जानकारी के अनुसार विगत वर्ष से ग्राम के एकमात्र स्कूल की जगह पर एक बीपीएल कार्डधारी के नाम से कुछ दबंग आठ दुकानें बनवा रहे थे। जिसे रोकने ग्रामीणों ने ग्राम की ही युवा समिति के प्रमुख पोमल कोसरिया एवं तारेंस कोसरिया को जिम्मेदारी सौंपी थी। दोनों युवाओं ने शिकायत की थी, जिसे स्थानीय तहसीलदार की अदालत में निर्माण अवैध प्रतीत होने से उसे रोक दिया गया था। इसके बाद कोई दो माह पूर्व दुकान निर्माण के ढांचा को अवैध पाकर उसे हटाने का आदेश पारित किया गया था। इसके बाद भी निर्माणकर्ता द्वारा स्वयं ढांचा नहीं हटाया गया और न ही प्रशासन ने ही कार्रवाई की। जिससे क्षुब्ध होकर ग्रामीण महिलाओं ने अपना आंदोलन प्रारम्भ किया था।
सोमवार को चूड़ी भेंट का कार्यक्रम था, परंतु प्रशासन द्वारा सुबह से ही कार्रवाई कर दी गई, जिसके कारण महिलाओं का कार्यक्रम रद्द हो गया। लाखगढ़ के ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।