महासमुन्द

श्मशान भूमि पर अवैध कब्जा, अफसरों को ज्ञापन
05-Feb-2024 7:48 PM
श्मशान भूमि पर अवैध कब्जा, अफसरों को ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बागबाहरा, 5 फरवरी। वार्ड नं सात, आठ, नौ में कुछ लोगों ने श्मशान भूमि पर बेजा कब्जा कर रखा है। हीरा सेतराम बघेल नपाध्यक्ष व पार्षद ने शासकीय भूमि से कब्जा हटाने को लेकर एसडीएम सृष्टि चंद्राकर, तहसीलदार व सीएमओ नगर पालिका को ज्ञापन सौंपा।

बताया जाता है कि अतिक्रमणकारी शासकीय जमीनों पर तो कब्जा कर ही रहे हैं, अब तो श्मशान घाट की जमीन को भी नहीं बख्श रहे। नगर पालिका अंतर्गत वार्ड क्रमांक छह, सात, नौ में धड़ल्ले से अतिक्रमण जारी है। श्मशान घाट एवं कचरा डंप जगह में भी अतिक्रमण हो गए हैं।

बागबाहरा नगर पालिका अध्यक्ष हीरा सेत राम बघेल, वार्ड क्रमांक छ: के पार्षद हेमीन ठाकुर, पार्षद वार्ड 10 के पार्षद आशाराम बांधे ने नगर पालिका के विभिन्न वार्डों में हो रहे अतिक्रमण हटाने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।

वार्ड नं नौ के बिस्मबर बघेल व ब्रिज दीप का कहना है कि श्मशान भूमि से अवैध कब्जा जल्द हटवाया जाए, वरना भविष्य में अपनी मांग को लेकर उग्र प्रदर्शन की जाएगी।

ज्ञात हो कि पूर्व में श्मशान के पास की जमीन पर कब्जा कर घर बना कर बेच चुके हैं, और कई लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। नगर पालिका के इंडोर स्टेडियम, कृष्ण कुंज, महिला बाल विकास सहित, स्कूल भवन एवम सामाजिक भवनों के निर्माण के लिए भूमि बड़ी मुश्किल से मिल रहा है। जिसकी वजह से आज भी कुछ शासकीय कार्यालय किराए के मकानों में संचालित हो रहे हैं।


अन्य पोस्ट