महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 फरवरी। भारतीय बास्केटबॉल संघ द्वारा 73वीं राष्ट्रीय जूनियर बास्केटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन 4 से 11 फरवरी तक भुनेश्वर ओडिशा में आयोजित किया गया है। जिसमें छत्तीसगढ़ बास्केटबॉल की जूनियर बालक टीम शामिल होगी।
बिलासपुर में टीम का चयन किया गया, जिसमें 12 खिलाड़ी एव कोच प्रबंधक के साथ प्रदेश की टीम 2 फरवरी को बिलासपुर से रवाना हुई है।
छत्तीसगढ़ प्रदेश बास्केटबॉल संघ द्वारा प्रशिक्षण शिविर बिलासपुर में लगाया गया था जिसके चयन ट्रायल में कुल 40 खिलाड़ी शामिल हुए, जिसमें 16 खिलाडिय़ों को चयनित कर बिलासपुर कैंप में शामिल किया गया। जो दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के बास्केटबॉल कोर्ट में लगाया गया था। शिविर में मुख्य रूप से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कोच श्रवण बिश्नोई, नितिन शाक्य, देवेन्द्र यादव ने बच्चों को खेल की बारीकियों से अवगत कराया।
इस दौरान छत्तीसगढ़ जूनियर बास्केटबॉल टीम में 12 खिलाडिय़ों का चयन किया गया जो आने वाली प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। महासमुंद जिले से अभिषेक व कई खिलाड़ी विगत वर्षों से मिनी स्टेडियम बास्केटबाल कोर्ट में नियमित अभ्यास करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बनाने में कामयाब रहे। इससे पहले नियमित अभ्यास करते हुए जिले के खिलाड़ी दिव्या रंगारी ने अगस्त 2023 में छत्तीसगढ़ की बालिका टीम में शामिल होकर सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप पांडिचेरी में स्वर्ण पदक जीता था तथा बालक वर्ग में जिले से आशीष शर्मा, आदित्य पटेल व सिद्धार्थ चंद्राकर भी सब जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता पांडिचेरी में शामिल हुए थे। जिसमें राष्ट्रीय कोच के रूप में जिले से अभिषेक अंबिलकर व शुभम तिवारी शामिल हुए थे।
राष्ट्रीय जूनियर बास्केटबॉल चैंपियनशिप में अभिषेक के चयन होने पर खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, जिला पंजीयक दीपक मंडावी, राजस्व निरीक्षक मनीष श्रीवास्तव, संतोष सोनी, किरण महाडिक़, माता सुनीता अम्बिलकर, पिता जयंत राव अम्बिलकर, शुभम तिवारी, सुभाष मंडल, विवेक मंडल, लालू सोनवानी, अंकित जैन, मनीष चंद्राकर ने शुभकामनाएं दीं।