महासमुन्द

गांजा तस्करी, 2 युवकों को 20-20 साल सजा, दो-दो लाख अर्थदण्ड भी
03-Feb-2024 3:05 PM
गांजा तस्करी, 2 युवकों को 20-20 साल सजा, दो-दो लाख अर्थदण्ड भी

महासमुंद,3 फरवरी। अवैध गांजा के परिवहन का आरोप सिद्ध होने पर कोर्ट ने 2 युवकों को 20-20 साल सजा, दो-दो लाख अर्थदण्ड की  सजा सुनाई।
 विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस महासमुंद लीलाधर सारथी ने अवैध मादक पदार्थ गांजा का परिवहन करने वाले आरोपी रिजवान सिक्का उम्र 20 वर्ष एवं आरोपी निजाकत सिक्का उम्र 28 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम झिमरावत, हरियाणा को न्यायालय में आरोप सिद्ध होने पर 20-20  साल की सजा, दो-दो लाख अर्थदण्ड की सजा सुनाई है। प्रकरण में विचारण पूर्ण कर दोनों आरोपियों को दोषी पाते हुए 20 वर्ष की सजा एवं दो दो लाख रुपए अर्थदण्ड से दण्डित किया गया है। अर्थदण्ड की अदायगी नहीं करने पर दोनों को एक-एक वर्ष सश्रम कारावास पृथक से भुगतना होगा।  

अभियोजन अधिकारी विशेष लोक अभियोजक एनडीपीएस के अनुसार थाना कोमाखान जिला महासमुंद के सहायक उपनिरीक्षक शिवकुमार को पेट्रोलिंग एवं देहात भ्रमण के दौरान 8 जनवरी 2022 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ओडिशा से एक ट्रक में अवैध मादक पदार्थ गांजा का परिवहन होने वाली है। तब टेमरी नाका में नाकाबंदी कर ओडिशा तरफ  से आ रहे एक ट्रक आयशर को रोका गया। 

उक्त वाहन में कुल 700 किग्रा 07 क्विंटल अवैध मादक पदार्थ दोनों आरोपीगण के संयुक्त कब्जे से जब्त कर विवेचना कर प्रकरण न्यायालय भेजा गया। यहां न्यायाधीश लीलाधर सारथी, विशेष न्यायाधीश के न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया गया था। जिसमें न्यायालय द्वारा कल शुक्रवार को विचारण पूर्ण करते हुए दोनों आरोपियों के विरूद्ध लगाए गए आरोप स्वापक औषधि तथा मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम 1985 की धारा 20 ख के अंतर्गत दोषसिद्ध हुआ। इसके बाद दोनों आरोपियों को 20-20 साल कठोर कारावास एवं दो-दो लाख रुपए अर्थदण्ड से दण्डित किया गया। उपरोक्त दोनों आरोपी भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ ओडिशा से अपने प्रदेश हरियाणा तथा अन्य जगह बिक्री हेतु अवैध रूप से परिवहन कर रहे थे।
 अभियोजन की ओर से विशेष लोक अभियोजक जितेन्द्र कुमार साहू द्वारा पैरवी की गयी।   
 


अन्य पोस्ट