महासमुन्द

प्रभारी ने 19 किसानों का धान दूसरों के खाते से बेचकर निकाल लिए 33 लाख
03-Feb-2024 3:04 PM
प्रभारी ने 19 किसानों का धान दूसरों के खाते से बेचकर निकाल लिए 33 लाख

खरीदी प्रभारी व 2 ऑपेरटर पर मामला दर्ज, तीनों फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 फरवरी।
महासमुंद जिले के पिथौरा ब्लॉक के जाड़ामुड़ा खरीदी केंद्र में धान खरीदी में फर्जीवाड़ा के बाद अब किसानों के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में एक नई जानकारी आई है कि जाड़ामुड़ा उपार्जन केंद्र प्रभारी और कम्प्यूटर ऑपरेटर ने मिलीभगत कर 19 किसानों का धान दूसरे किसानों के खाते में बेचकर राशि निकाल ली है। 

मामला सामने आने के बाद केंद्र प्रभारी समेत दो अन्य कर्मी फरार हो गए है। वहीं किसानों की शिकायत पर बसना थाने में केंद्र प्रभारी समेत दो कम्प्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ धारा 420ए 409 और 34 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। 

जांच में खुलासा हुआ है कि किसानों की खून पसीने की कमाई धोखे से धान खरीदी केंद्र प्रभारी समेत दो कम्प्यूटर ऑपरेटर ने फर्जी किसानों के खाता में धान बेचकर 32 लाख 90 हजार रुपए निकाल लिया है, वहीं किसान को एक माह से धान बेचने के बाद पावती देने में आनाकानी करते हुए केंद्र में धान पलटी कराने के बाद तौल कराकर धान बोरी में भरकर केंद्र प्रभारी उमेश कुमार भोई व कम्प्यूटर आपरेटर मनीष प्रधान, मनोज प्रधान ने केंद्र में रखवा लिया और यह कहते हुए किसान को पावती नहीं दी कि कम्प्यूटर का सर्वर डाउन है, बाद में चढ़ाकर पर्ची दे दूंगा। उनकी बात पर विश्वास कर प्रार्थी किसान घर चला गया।

एक-दो दिन बाद पुन: खरीदी केंद्र जाड़ामुड़ा जाकर प्रार्थी ने प्रबंधक एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर से बेचे गए धान की पावती मांगी। तब ऑपरेटर ने बताया कि ऑनलाइन पर्ची ज्यादा कट गई है, बाद में चढ़ा देंगे। लेकिन कुछ दिन बाद किसान को पता चला कि उसके धान को किसी दूसरे किसान के खाते में षड्यंत्र के तहत बेच कर राशि निकाल ली गई है। मामले में ग्राम ताला बसना निवासी अमृतलाल प्रधान ने पुलिस में शिकायत की है कि 190 क्विंटल 475 बोरा धान बेचने के लिए वह 2 जनवरी को खरीदी केंद्र जाड़ामुड़ा लेकर गया था।

इसी तरह उक्त तीनों आरोपियों ने 18 अन्य किसानों ग्राम बैतारी निवासी डिग्रीलाल साहू का 61 क्विंटल, ग्राम ताला निवासी ऋषिकेश साहू का 80 क्विंटल, समीर बारिक का 120.40 क्विंटल, श्रीधर का 50 क्विंटल, ग्राम जाड़ामुड़ा निवासी अर्थो प्रधान का 84 क्विंटल, रामकृष्ण प्रधान का 84 क्विंटल, प्रेमशीला प्रधान का 86 क्विंटल 40 किलो, ग्राम ताला निवासी बिहारीलाल बरिहा का 33 क्विंटल, कैलाश भोई का 80 क्विंटल, ग्राम जबलपुर निवासी कार्तिकराम समारू का 56 क्विंटल 80 किलो, कृष्ण कुमार का 43 क्विंटल 60किलो, मोहनलाल यादव का 44 क्विंटल 40 किलो, ग्राम जाड़ामुड़ा निवासी श्यामलाल का 77.60 क्विंटल, मनभरोस का 49.60 क्विंटल, ग्राम जबलपुर निवासी आनंद बिलास का 20.40 क्विंटल, ग्राम ताला बैतारी निवासी परीक्षित प्रधान का 92 क्विंटल, नरेश नंद का 30 क्विंटल और ग्राम जबलपुर निवासी अकलेश का 19.20 क्विंटल धान भी विधिवत तौल कराकर बोरी में भरकर अपने आधिपत्य में रखकर छलपूर्वक धोखाधड़ी कर दूसरे किसान के पंजीयन में चढ़ाकर बिक्री कर कुल राशि आहरित कर ली है।

गौरतलब है कि सप्ताहभर पहले धान खरीदी में अनियमितता पाए जाने पर जाड़ामुड़ा के समिति प्रभारी उमेश भोई को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही कम्प्यूटर ऑपरेटर मनोज प्रधान व मनीष प्रधान को समिति के कार्यों से कार्य मुक्त कर दिया गया है। सहकारी समिति जाड़ामुड़ा के प्राधिकृत अधिकारी एसके डे द्वारा जारी आदेश के अनुसार धान खरीदी में उमेश भोई व दोनों कम्प्यूटर ऑपरेटर ने अपने दायित्वों का निर्वहन करने में चूक करते हुए धान खरीदी में लापरवाही व अनियमितता की है। इन्होंने मिलकर 18 किसानों के साथ भी धोखाधड़ी की है। 

थाना प्रभारी आशीष वासनिक ने बताया कि किसानों की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ  मामला दर्ज किया गया है। मामला दर्ज होने के बाद से ही तीनों फरार हैं। जिनकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि धान खरीदी में फर्जीवाड़ा के मामले में भी केंद्र प्रभारी के खिलाफ  बसना थाने में भी विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।


अन्य पोस्ट