महासमुन्द

ऑपरेशन मुस्कान: पांच सालों में गुम 30 बच्चे सकुशल घर लौटे
03-Feb-2024 2:52 PM
 ऑपरेशन मुस्कान: पांच सालों में गुम 30 बच्चे सकुशल घर लौटे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,3 फरवरी।
ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत विगत पांच सालों में गुम कुल 30 बच्चों को जनवरी में महासमुंद पुलिस ने खोज निकाला है। जिले के गुम 30 बच्चों को महासमुंद पुलिस ने देश के विभिन्न राज्यों से ढूंढक़र उनके परिजनों से मिलाया है। 

उपपुलिस अधीक्षक सारिका वैद्य के मार्गदर्शन में जिला महासमुंद के विभिन्न थानों से गुम हुए बालक-बालिकाओं को ओडिशा  से 03 बालिका,  उत्तरप्रदेश से 04 बालिका,  महाराष्ट्र राज्य से 01 बालिका, छत्तीसगढ़ राज्य से 01 बालक एवं 21 बालिकाओं समेत कुल 30 बच्चों को दस्तयाब कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया है। बच्चों के लौट आने से उनके परिवार में खुशियां लौट आई है। परिजन उन्हें लंबे समय से तलाश रहे थे और उनके नहीं मिलने पर मायूस होकर चुप बैठ गए थे। कई परिवार को अपने बच्चों के लौट आने की उ्म्मीद नहीं थीं। लेकिन पुलिस महानिदेशक के निर्देशन में 1 जनवरी से 31 जनवरी तक चलाये गये ऑपरेशन मुस्कान में गुम बच्चे घरों को लौट आए हैं। 

पुलिस अधीक्षक राजेश कुकरेजा के नेतृत्व में जिले के सभी थानों ने सतत परिश्रम कर जिले के 30 गुम बच्चों को खोजने देश के विभिन्न राज्यों में एक टीम भेजी गई थी। जिसका कमांड सारिका वैद्य के हाथों था। किसी तरह बच्चों के गुम होने की दशा और स्थितियों के मुताबिक खोजबीन शुरु हुई और एक महीने के भीतर 30 बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरिपुंजे के निर्देशन में जवानों की टीम ने साल 2019 में गुम 1, 2021 में गुम 2, 2022 में 2, 2023 में 21, 2024 में गुम 4 बच्चों समेत कुल  30 बच्चों को ढूंढ निकाला है। 

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक महासमुंद अनुविभाग थाना महासमुंद से 05 बालिका, थाना तुमगांव से 02 बालिका,थाना खल्लारी से 01 बालिका, पिथौरा अनुविभाग थाना पिथौरा से 02 बालिका, थना पटेवा से 01 बालिका, थाना सांकरा से 01 बालिका, बागबाहरा अनुविभाग थाना बागबाहरा से 02 बालिका,थाना तेन्दुकोना से 03 बालिका,थाना कोमाखान से 03 बालिका, सरायपाली अनुविभाग थाना सरायपाली से 01 बालिका,थाना बसना से 01 बालक एवं 05 बालिका, थाना सिंघोड़ा से 01 बालिका और थाना बलौदा से 02 बालिका गायब हुए थे। 

 


अन्य पोस्ट