महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 फरवरी। केन्द्र सरकार के बजट को भाजपाईयों ने खूब सराहा है, लेकिन कांग्रेसियों ने बजट को निराशाजनक कहा है।
बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश अंतरिम बजट को निराशाजनक करार देते हुए कहा कि इसमें देश की आम जनता के लिए कुछ भी नहीं है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त वर्ष 2024-25 का लेखानुदान या अंतरिम बजट पेश करते हुए एक तरफ जहां आर्थिक वृद्धि को गति देने के लिये पूंजीगत व्यय 11 प्रतिशत बढ़ाकर 11ण्11 लाख करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव किया हैए वहीं चालू वित्त वर्ष के लिये राजकोषीय घाटे के लक्ष्य को संशोधित कर इसे सकल घरेलू उत्पाद जीडीपी का 5.8 प्रतिशत कर दिया है। कुल 47.66 लाख करोड़ रुपए के व्यय का बजट पेश किया गया है।
श्री चंद्राकर ने कहा कि बजट में बेरोजगारी जैसे मुद्दे का उल्लेख ही नहीं किया गया है। सरकार अपनी विफलता को भी सफलता को रूप में पेश किया है। यह कारपोरेट हितैषी बजट है। इसमें गरीबों और आम लोगों के लिए कुछ भी नहीं है।
बजट निराशाजनक
वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा देश के लिए प्रस्तुत अंतरिम बजट को महिला कांग्रेस कमेटी की प्रदेश सचिव व नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने जनहितैषी की बजाए कारपोरेट बजट बताया। उन्होंने कहा कि चुनावी वर्ष में पेश होने वाले बजट को लेकर जनता को सरकार से बहुत उम्मीदें थीं, पर बजट से जनता को एक बार फिर से निराशा ही हाथ लगी है। चालू वित्तीय वर्ष में 18 लाख करोड़ रुपये का बजट घाटा वाला है।
उन्होंने कहा कि अंतरिम बजट पर वित्त मंत्री श्रीमती सीतारमण से अच्छे भाषण की अपेक्षा थी पर उनका बजट भाषण बहुत छोटा और निराशाजनक रहा। भाषण में बेरोजगारी का मुद्दा शामिल नहीं है। देश की जनता बढ़ती महंगाई से राहत की उम्मीद में थी पर जनता को इससे भी राहत नहीं मिली। चुनाव के समय मोदी सरकार अपनी विफलता को सफलता के रूप में पेश करेगी।
बजट में महिलाओं, किसानों और युवाओं के लिए कुछ खास नहीं है। भाजपा सरकार में देश की जनता को सबसे अधिक मार पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों से पड़ी है जिससे राहत की उम्मीद थीं पर उससे भी मोदी सरकार ने राहत नहीं दी।
बजट विकसित भारत के युवा, महिला और किसानों को समर्पित
केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा गुरुवार को लोकसभा में अंतरिम बजट पेश होते ही सांसद कार्यालय प्रभारी मोहन साहू एवं सांसद प्रतिनिधि पवन साहू ने कहा है कि बजट विकसित भारत के युवा, महिला और किसानों को समर्पित है। प्रधानमंत्री नरेंद मोदी के नेतृत्व में पेश किए बजट में सरकार की नियत और सोच को दर्शाता है, यह देश के निर्माण का बजट है। इसमें आजादी के अमृत काल में 2047 के भारत की नींव को मजबूत करने की सोच है। उन्होंने आने कहा कि अंतरिम बजट में खाद्य सहित अन्य सामानों के दाम में ज्यादा फर्क नहीं पड़ा है। जिससे गरीब व समान्य परिवारों को बड़ी राहत मिली है। सही मायनों में इस तरह देश के सभी वर्गों को ध्यान में रखा गया है। जिससे आने वाले दिनों में जरूर एक ससक्त राष्ट्र निर्माण की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ेगा। योजनाओं की एक झलक प्रस्तुत की गई है।
गरीबों और आम लोगों के लिए कुछ भी नहीं
जिला कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर का कहना है कि केंद्रीय बजट निराशाजनक है। यह कार्पोरेट हितैषी है। इसमें गरीबों और आम लोगों के लिए कुछ भी नहीं है। चालू वित्त वर्ष में 18 लाख करोड़ रुपए का बजट घाटा है। आने वाले साल में यह और घटेगा। इसका मतलब है कि मोदी सरकार कर्ज लेकर अपना खर्च चला रही है। बजट भाषण बहुत छोटा और निराशाजनक था। बहुत अधिक बयानयाजी थी। कई मुद्दों को छुआ नहीं गया। बेरोजगारी जैसे मुद्दे का उल्लेख ही नहीं किया गया।