महासमुन्द
4 गर्भवती समेत 124 महिलाएं गिरफ्तार, कोर्ट में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31जनवरी। आज दोपहर तीन बजे महासमुंद जिला न्यायालय में दो बसों और एक मालवाहक में लोहारडीह के जंगल में बसी 124 महिलाओं को लाया गया, इनमें से चार महिलाएं गर्भवती हैं और कुछ महिलाओं की गोद में छोटे बच्चे हैं। इनके साथ एक पुरुष भी हैं, जिनके परिवार में महिला सदस्य नहीं होने के कारण उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
इन सभी पर आरोप है कि लोहारडीह जंगल को काटकर उस जमीन पर खेती कर रहे थे। समाचार लिखे जाने तक साढ़े 3 बजे इनकी पेशी नहीं हुई है और सभी को परिसर के बाहर एक पेड़ के नीचे बिठाया गया है।
महिलाओं का कहना है कि जंगल को पहले ही काटा जा चुका था। जमीन खाली थी और परिवार भूखा था, इसलिए दस साल पहले वहां छोटे छोटे मेढ़ बनाकर धान बोना शुरू किया।
आज सुबह आरंग वन निगम के कक्ष क्रमांक 860 के रेंजर युवराज साहू की टीम ने गांव में दबिश देकर महिलाओं को गिरफतार किया और बसों में भरकर कचहरी पहुंचाया है।
इन्हें सोमवार को वन विकास निगम आरंग परिक्षेत्र 860 के रेंजर ने एक नोटिस जारी की थी। इसी के आदेशानुसार आज सुबह सभी महिलाएं पंचायत भवन लोहारडीह पंचायत पहुंचीं, वहां से सभी का तुमगांव अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके बाद सभी को न्यायालय लाया गया है। कोर्ट परिसर छावनी में तब्दील है। वन विभाग के दर्जन भर अफसर न्यायालय के भीतर पहुंचे हैं। समाचार लिखे जाने तक साढ़े 3 बजे कार्रवाई जारी है।