महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 जनवरी। जिला मुख्यालय के समीप ग्राम खरोरा रायपुर मार्ग के किनारे 7 एकड़ जमीन पर बनने वाले मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। यह इमारत 7 मंजिला होगा। फिलहाल यहां इमारत की बेस तैयार की जा रही है। इसके लिये इंदौर की निर्माण कंपनी कल्याण के इंजीनियर तथा कर्मचारी रात-दिन काम कर रहे हैं। नींव की खुदाई के साथ ही यहां अधिकारी एवं कर्मचारियों के लिये अस्थाई आवास बनाये जा रहे हैं। अमूमन पखवाड़े भर में ही काम आगे बढऩे लगेगा।
विभागीय जानकारी के अनुसार शुरूआत में मेडिकल कॉलेज के लिये 325 करोड़ रुपए स्वीकृत हुये थे। लेकिन अब इसकी लागत 500 करोड़ तक जाने का अनुमान है। एनएमसी की टीम ने कंपनी को शीघ्र ही निर्माण कर भवन खड़ा करने पिछले दिनों एक बैठक में कहा था। फलस्वरूप काम अब प्रगति में है। इसका निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और यह भी कहा जा रहा है कि आगामी बारिश के पूर्व मेडिकल कॉलेज का बेस तथा ढांचा तैयार हो चुका होगा। ताकि बारिश के दिनों में निर्माण कंपनी को किसी तरह की परेशानी न हो। यह भी जानकारी मिली है कि कंपनी द्वारा बारिश के सीजन को ध्यान में रखते हुये आगामी ग्रीष्मकाल में 2 शिफ्ट में काम किया जायेगा। ताकि कंपनी 2 साल के निर्माण लक्ष्य के मुताबिक काम कर शासन को भवन सौंप सके।
विभाग का कहना है कि पूरे 7 एकड़ के भवन में मेडिकल छात्र-छात्राओं के लिये पृथक-पृथक छात्रावास, मेडिकल कॉलेज बनने के बाद वर्ग 3 और 4 के कर्मचारियों के लिये मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने विधानसभा चुनाव पूर्व प्रस्ताव भेजा था। इनमें से व्यापमं के तहत 545 पूर्व मेडिकल स्टॉफ को लेकर स्वीकृति मिल चुकी है। मतलब यह कि जैसे ही इमारत खड़ी होगी, यहां काम भी शुरू हो जायेगा। इसके साथ ही सीआर मशीन, सोनोग्राफी मशीन सहित अनेक छोटी-बड़ी मशीनों को लेकर प्रस्ताव भेज दिया गया है।
महासमुंद मेडिकल कॉलेज भवन बनने के बाद खास बात यह होगी कि रायपुर मेडिकल कॉलेज के बाद दूसरे विकल्प के तौर पर लोग महासमुंद ही आना पसंद करेंगे। दरअसल प्रदेश में वर्तमान में 13 मेडिकल कॉलेजों में रायपुर के समीप केवल महासमुंद ही है। जबकि जगदलपुर, कांकेर, रायगढ़ सभी काफी दूर हैं। इस लिहाज से यहां लोगों की आवाजाही बढ़ेगी। इससे न केवल महासमुंद जिले का विकास होगा। बल्कि, व्यापारिक दृष्टिकोण से भी महासमुंद आगे बढ़ेगा। अब तक केवल जिला अस्पताल तक ही महासमुंद का क्षेत्र सिमटा हुआ है। भवन बनने के बाद बेलसोंडा तक एक व्यापारिक क्षेत्र बनने की उम्मीद है।
मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. बसंत माहेश्वरी के अनुसार चुनाव पूर्व मशीनों को लेकर भी प्रस्ताव भेजे गये हैं। हाल ही में बैठक के बाद सीजीएमएससी को कहा जायेगा कि यदि सीजीएमएससी के पास मशीनों के लिये बजट नहीं है तो वे एनओसी प्रदान करें ताकि मेडिकल कॉलेज स्वयं मशीन खरीदे सके। हमारे पास जिला अस्पताल में अब स्थान ही शेष नहीं हैं, जहां मशीन स्थापित की जा सके।
इसलिये अब मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण होने के बाद नये 7 मंजील इमारत में कौन से मंजील में कौन सी फेकल्टिस तथा ओपीडी रखी जाये, यह मरीजों की गंभीरता पर निर्भर करेगा। जैसा की सामान्य मरीजों का उपचार तथा प्रसुताओं का वार्ड प्रथम तल पर, ग्राउंड तल पर अस्पताल अधीक्षक तथा दिव्यांगजनों की ओपीडी होगी। वहीं, दूसरी मंजील पर आगजनी के शिकार सहित जहर खुरानी, गंभीर रूप से बीमार लोगों का वार्ड होगा। इसी तरह हर प्रकार के मरीजों के लिये पृथक-पृथक वार्ड एवं ओपीडी होगा। यहां कैंसर का भी उपचार शुरू हो चुका है। लेकिन मेडिकल कॉलेज भवन बनने के बाद यहां कैंसर रोग की पृथक ओपीडी होगी।