महासमुन्द

अधूरे दस्तावेज-सर्वर की भी समस्या, राशन कार्ड नवीनीकरण में अनेक दिक्कतें
30-Jan-2024 2:34 PM
अधूरे दस्तावेज-सर्वर की भी समस्या, राशन कार्ड नवीनीकरण में अनेक दिक्कतें

 सवा 35 हजार का नवीनीकरण , 2 लाख 63 हजार 553 आवेदन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 30 जनवरी। हितग्राहियों के मोबाइल नंबर गलत इंद्राज होने सहित पूरे डॉक्यूमेंट बिना ही राशन कार्ड जारी किये जाने तथा सर्वर समस्या की वजह से इन दिनों राशन कार्ड के नवीनीकरण में अनेक दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा है।

शहर तथा ग्रामीण की अंचल में 25 जनवरी से शहर में राशन में कार्ड का नवीनीकरण शुरू हुआ है। सोमवार को बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के डॉक्यूमेंट नंबर तथा डिटेल  इंद्राज होने की इस वजह से सर्वर डाउन हो गया।

फलस्वरूप प्रत्येक फार्म को लेकर काफी समय लग रहा था। जिले में कुल 3 लाख 868 राशन  कार्ड है। इनमें से 35 हजार 296 राशन काडों का हितग्राहियों द्वारा स्वयं से दुकानों से नवीनीकरण किया जा चुका है। सोमवार की स्थिति में  37 हजार 315 आबेदन मिले हैं तथा 2 लाख 63 हजार 553 आवेदन नवीनीकरण के लिए खाद्य विभाग को 2 फरवरी तक का ही समय मिला है।  इस वजह से कामकाजी महिलाएं छुट्टी लेकर राशन कार्ड का काम निपटा रही हैं। मिली जानकारी के अनुसार जनता की सुविधा के लिए ऑनलाइन एप से राशनकार्ड नवीनीकरण की सुविधा का विकल्प है। पर इसके  लिए संबंधित कार्डधारक का मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड होना जरूरी है। ऐसा नहीं करने पर उसे राशन दुकान जाकर नवीनीकरण कराना पड़ रहा है।  खाद्य विभाग के उच्चाधिकारी के अनुसार सर्वर दिक्कत को दूर करेंगे। फिर भी किसी हितग्राही का नवीनीकरण नहीं हो पाया तो उसे राशन लेने में  कोई समस्या नहीं आएगी। राशनकार्ड नवीनीकरण के लिए इस बार शिविर भी नहीं लगाया गया है। इसके पूर्व वाडों में शिविर लगाया जाता रहा है।

अब केवल ऑनलाइन तथा उचित मूल्य की दुकान ही विकल्प है। मालूम हो कि जिले में कुल 593 दुकानें है। लेकिन इनमें से केवल 134 दुकानों में ही नवीनीकरण हेतु एप इंस्टॉल किया गया है। 459  दुकानों में एप इंस्टॉल नहीं किया गया है। दुकानदारों का कहना है सर्वर डाउन होने की वजह से एप इंस्टॉल नहीं किया गया। सर्वर की समस्या ठीक होते ही एप इंस्टॉल कर नवीनीकरण कार्य किया जायेगा। कल इंटरनेट का सर्वर डाउन होने से चॉइस सेंटरों तथा विभाग को खास परेशानी उठानी  पड़ी। कल 100 लोगों का नवीनीकरण आवेदन के लिए प्राप्त हुए पर इनमें से 70 लोग ही नवीनीकरण के लिए आवेदन कर पाए।   राशन कार्ड नवीनीकरण के लिए जिस महिला के नाम से कार्ड है, उसे ही आना अनिवार्य है।

इस वजह से परेशानी और बढ गई है।  आवेदन और राशन कार्ड में दर्ज नाम में कोई छोटी भी गलती हो तो कर्मचारी महिलाओं को दोबारा नया आवेदन भरने की सलाह दे रहे हैं। दस्तावेजों की कमी या फोटो कापी नहीं लाने वाली महिलाओं को भी दूसरे दिन आने की सलाह दी जा रही है।


अन्य पोस्ट