महासमुन्द

खबर का असर: हरकत में आया स्कूल-जिला प्रशासन, अब बोर सुधरवाने-कुआं खोदने की बात कह रहे
28-Jan-2024 5:43 PM
खबर का असर: हरकत में आया स्कूल-जिला प्रशासन, अब बोर सुधरवाने-कुआं खोदने की बात कह रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 28 जनवरी। एकलव्य आवासीय विद्यालय बोरिंग की खबर ‘छत्तीसगढ़’ में प्रकाशन के बाद प्रशासन हरकत में आई है। आज बच्चों की निस्तारी और पीने आदि के लिए पानी की व्यवस्था की जा रही है। बंद पड़े बोर को सुधारने की कवायद जारी है। इसी बीच हमें यह जानकारी मिली है कि इस विद्यालय में दो तीन बार इस तरह की अव्यवस्था हुई है और पहले भी बच्चों को कई तरह की मुसीबतों का सामना करना पड़ा था। इस स्कूल में चात्र-छात्राओं और स्टाफ को मिलाकर कुल 517 लोग रहते हैं। यहां पानी की व्यवस्था के नाम पर दो बोर हैं। इनमें से एक में बिल्कुल पानी नहीं आता और दूसरा बिगड़ा पड़ा है। अब स्कूल प्रशासन का कहना है कि यहां पर एक कुआं खुदवाने का आंदेश है।

ताकि गर्मी में भी बच्चों को पानी की कमी ना हो। बहरहाल बच्चे अभी भी कोडार नहर नाले के पानी से निस्तारी चला रहे हैं और पीने के लिए तुमगांव से टैंकर आ रहा है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ अखबार में छपा था कि एकलव्य आवासीय विद्यालय बोरिंग के बच्चे पखवाड़े भर से नाले के पानी में नहाकर खाना खाने के बाद गांव वालों से मांगकर पानी पी रहे हैं। बच्चों के पीने के लिए तुमगांव नगर पंचायत से एक टैंकर की व्यवस्था की गई है, जो डेढ़ सौ बच्चों के लिए नाकाफी है। निस्तारी और प्रसाधन के लिए पानी नहीं होने के कारण विद्यालय के शौचालय और साफ सफाई का बुरा हाल है।

जानकारी मिली है कि इस स्कूल का बोर पंद्रह दिनों पहले बंद हो गया है। पालकों ने कई बार जिला प्रशासन और विभाग के अलावा जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी दी लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। अत: बच्चे बूंद-बूद पानी के लिए तरस रहे हैं।

इस वक्त कोडार का पानी नाली के जरिए खेतों के जरिए बह रहा है,जो यहां पढ़ रहे बच्चों के लिए निस्तारी का साधन बना हुआ है। स्कूल के बच्चे इसी पानी से नहाते हैं और पाखाना के अलावा बर्तन मांजने के लिए भी उपयोग करते हैं। नाली में ही नहाते हैं। बच्चों ने नाली किनारे एक छोटा सा पत्थर रखकर कपड़े धोते हैं, उसमें बैठकर नहाते हैं। इसके बाद विद््यालय में खाना खाकर इसी नाली में बर्तन मांजते हैं और आसपास घरों से पानी पीकर पी लेते हैं। हालांकि एक टैंकर तुमगांव नगरपंचायत से विद्यालय में आता है लेकिन उसका पानी जल्दी खत्म हो जाता है। डेढ़ सौ बच्चों के लिए इतना पानी नाकाफी है।

इस पर स्कूल की प्राचार्य मंदाकिनी पंडा का कहना है कि छुट्ट्यिों की वजह से बिगड़े हुए बोर को बनाया नहीं जा सका था, लेकिन आज नया बोर लगवाने जा रहे हैं। स्कूल परिसर में कुएं की खुदाई करवाएंगे। वैसे बच्चे वहां नहर नाली में शौच के लिए ही जाते हैं। स्कूल में 210 छात्राएं हैं और 207 छात्र। एक सौ के लगभग शिक्षक और स्टाफ के लोग हैं। टैंकर में पीने के लिए पानी मंगा रहे हैं।


अन्य पोस्ट