महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 28 जनवरी। क्षेत्र में गणतंत्र दिवस का पर्व धूमधाम से मनाया गया। सभी शासकीय एवं निजी संस्थाओं में ध्वजारोहण किया गया। स्थानीय नगर पंचायत एवं सरस्वती शिशु मंदिर में क्षेत्रीय विधायक संपत अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया।
पिथौरा नगर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया, लिहाजा सभी संस्थाओं में अलग-अलग ध्वजारोहण किया गया। इसमें नगर पंचायत में क्षेत्रीय विधायक सम्पत अग्रवाल, बस स्टैंड में उमाशंकर पांडे, अग्रसेन भवन में अनूप अग्रवाल, सरस्वती शिशु मंदिर में क्षेत्रीय विधायक संपत अग्रवाल सहित अन्य विभागों में विभाग प्रमुखों द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
रामदर्शन स्कूल में गार्ड ने फहराया तिरंगा
जंघोरा स्थित रामदर्शन पब्लिक स्कूल में इस बार स्कूल के गार्ड राजकुमार से ध्वजारोहण करवाया गया। इस तरह एक गार्ड को मुख्य अतिथि बना कर उक्त स्कूल ने एक बड़ा उदाहरण प्रस्तुत किया।
पथ संचलन पर रोक
के कारण सडक़ंे सूनी
विगत दिनों भारी आवाज के डीजे के साथ हजारों की भीड़ अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर नगर में जुलूस निकाल कर भगवान राम का स्वागत करने उतरी थी, परन्तु गणतंत्र दिवस पर प्रशासन द्वारा स्कूली छात्र छात्राओं द्वारा राष्ट्रीय पर्व पर निकाले जाने वाली प्रभात फेरी पर पूरी तरह रोक लगा दी गयी। इसी वजह से नगर का मुख्य कार्यक्रम खेल मैदान में आयोजित नहीं किया जा सका।
प्रभात फेरी में रोक की बात सुन कर आमलोगों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। लोगों का मानना है कि जब उच्च ध्वनि में भगवान का जुलूस निकल सकता है, तब राष्ट्र प्रेम दर्शाने वाले स्कूली बच्चों पर आखिर रोक क्यों लगाई गई।
ज्ञात हो कि कोरोना गाइड लाइन के तहत रोक की बात प्रशासन कर रहा है, परन्तु प्रभात फेरी से दस गुना भीड़ में जुलूस आयोजित करना क्या कोरोना गाइड लाइन के तहत था?