महासमुन्द

प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव, जगह-जगह रैली, भंडारा और अन्य धार्मिक आयोजन
23-Jan-2024 3:33 PM
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव, जगह-जगह रैली, भंडारा और अन्य धार्मिक आयोजन

घर-घर जले दिये, रात को आतिशबाजी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 जनवरी।
कल सुबह से देर रात तक श्रीरामलला की पूजा में जिला व्यस्त रहा। लोगों में कल अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। सुबह से मंदिरों में श्रद्धालु भजन-पूजन में जुटे रहे। इसके बाद दिन भर जगह-जगह रैली, भंडारा और अन्य धार्मिक आयोजन होते रहे। सैकड़ों बच्चों ने श्रीराम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान का वेश धारण किया था। दोपहर बाद शहर में मेले सा माहौल बना। मुख्य मार्गों के अलावा मुहल्लों में भी रामोत्सव की धूम रही। 

जगह-जगह लोगों ने एलईडी स्क्रीन पर अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव भी देखा। शाम होते ही शहर से गुजरने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग के बिजली खंभों की रौशनी बंद कर दी गई और फिर 22 हजार दीयों को रौशन करने का सिलसिला चल पड़ा। देखते ही देखते जिला चिकित्सालय से लेकर खैरा गांव तक पांच किलोमीटर के दायरे में दीये जल उठे। एसपी राजेश कुकरेजा भी अपनी टीम के साथ नेहरूचौक पहुंचे और दीप जलाए। इसके बाद देर तक पटाखों की गूंज शहर भर में सुनाई देती रही। इस दौरान जिले भर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध थे।

जिला स्तरीय मुख्य आयोजन कचहरी चौक के हनुमान मंदिर में हुआ। जहां स्थानीय विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने सपत्नीक प्रभु श्रीराम की पूजा की। इस दौरान जिले की 5 उत्कृष्ट रामायण मंडलियों ने राम भजनों की शानदार प्रस्तुति दी। इस तरह राम लला के विराजमान होने की खुशी से शहर सहित पूरा जिला राममय रहा। दिन भर चले शोभायात्रा में भगवा कपड़े पहनकर लोग जय श्रीराम के जयकारे लगाते रहे। चौक-चौराहे पर गूंजते भक्ति संगीत के साथ भोग, भंडारा होता रहा। शहर का कोई ऐसा मोहल्ला नहीं था, जहां रामनाम की भक्ति संगीत न गुंजायमान हुआ हो। शहर भर में भगवा ध्वज, तोरण, बंदनवार, आंगन में सजी रंगोली, मंदिरों में यज्ञ, रामायण पाठ चला। 

प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सोशल मोडिया में लोग रिंग टोन से लेकर शार्ट वीडियो और भगवान श्रीराम के सुंदर तस्वीरों के साथ एक दूसरे को शेयर करते रहे। नेहरू चौक में जिला चेंबर ऑफ  कॉमर्स ने, गुजराती समाज ने हनुमान मंदिर के सामने, युवा मंडली ने स्वामी चौक, हनुमान मंदिर कचहरी चौक में अनवरत भंडारा का आयोजन किया। 

श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर हर घर में दीप जलाए गए। मंदिरों के अलावा सार्वजनिक जगहों पर भी विभिन्न समितियों ने दीपोत्सव मनाया। जिला मुख्यालय के ग्राम खैरा से खरोरा तक और नेहरू चौक से रेलवे स्टेशन तक 22 हजार दीये जलाए गए।  हिंदू नववर्ष उत्सव समिति ने हाई स्कूल प्रागंण में 5100 दीप जलाए। जिले के बसना शहर में भी 1008 दीप जलाए गए।

महासमुंद शहर के मलेरिया आफिस के पास, दुर्गा मंदिर बरोंडा चौक, गायत्री मंदिर, क्लब पारा, पिटियाझर चौक,शनि मंदिर,  छिपियापारा, रामेश्वरी दुर्गा मंदिर, रेल्वे स्टेशन, महाकाली मंदिर गंजपारा, साईं हनुमान मंदिर गंजपारा, महामाया मंदिर, शीतला मंदिर, कबीर मंदिर रायपुर रोड, मां शारदा मंदिर तुमगांव रोड, नयापारा में शहीद वीर नारायण सिंह चौक में दुगोंत्सव समिति, मुक्तिधाम महाकाल सेवा समिति, मनोकामनेश्वर महादेव मंदिर न्यू सिविल लाइन में मंदिर समिति में, साईं मंदिर खरोरा, त्रिमूर्ति कॉलोनी, गणेश मंदिर बरोंडा चौक, बस स्टैंड में बस यूनियन व फल विक्रेता संघ ने दीपोत्सव का आयोजन किया। महासमुंद क्लब पारा में इस दौरान 25 फीट का भगवा ध्वज फहराया गया। हाईस्कूल मैदान में कार सेवकों का सम्मान समारोह देर रात तक जारी रहा। 

प्रभारी पुलिस अधीक्षक राजेश कुकरेजा के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय से लेकर सभी ब्लॉक मुख्यालय व कस्बों में पुलिस के कड़े प्रबंध किए गए थे। दीये जलाने के लिए श्री कुकरेजा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपुंजे तथा तमाम अधीनस्थों के साथ कुछ देर के लिए नेगरू चौक पहुंचे और दीप जलाए। सुरक्षा व यातायात व्यवस्था सम्हालने के साथ ही पुलिस अफसरों, कर्मियों ने ड्यूटी के दौरान आयोजनों में शिरकत की। जानकारी अनुसार महासमुंद पुलिस लाइन से जिले भर में बल भेजा गया था। पुलिस के अलावा नगर सेना, फॉरेस्ट और एनसीसी कैडेटों का भी कल सहयोग लिया गया। एसपी राजेश कुकरेजा, एडि.एसपी आकाश राव के नेतृत्व में पुलिस बल ने पैदल भ्रमण कर शहर का जायजा लिया। 

विधायक श्री सिन्हा, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, संदीप दीवान, युवा आयोग के पूर्व सदस्य प्रशांत श्रीवास्तव, पूर्व नपाध्यक्ष पवन पटेल, सतपाल सिंह पाली, प्रकाश शर्मा, नीलम दीवान  मुन्ना साहू, राजेंद्र साहू, निरंजना शर्मा समेत सैकड़ों लोगों ने शारदा मंदिर से रामजानकी मंदिर तक भव्य शोभायात्रा में शिरकत की। श्री राम केयर क्लिनीक के डा. शेषनारायण गुप्ता की ओर से दिनभर भंडारे का आयोजन किया गया। सर्व हिंदू समाज ने राम मंदिर में प्रभु श्रीराम की महाआरती की। इसमें 44 समाजों के प्रमुख और सदस्यगण भी जुटे। सभी समाज की ओर से 56 भोग लगाया। बाद में सभी समाजजन खैरा से खरोरा तक और स्टेशन रोड के डिवाइडर पर दीप प्रज्जवलित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर 1990 में कार सेवा में अयोध्या गये 25 कार सेवकों को सम्मानित किया गया। लगभग 35 वर्ष बाद हो रहे सम्मान से कार सेवक अभिभूत दिखे। 

श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा उत्सव का आयोजन जय हिंद महाविद्यालय में भी किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के संस्थापक मोतीचंद बाफना तथा प्रचार्या डॉ पुष्पलता देशमुख द्वारा श्रीरामलला की पूजा तथा आरती से किया गया। तत्पश्चात छात्र.छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। जिसमें विभिन्न प्रकार के श्रीराम भक्ति गीत, श्लोक एवं नृत्य प्रस्तुत किए गए। महाविद्यालय में विभिन्न प्रकार के मनमोहक रंगोली बनाए गए तथा दीपों द्वारा राम लिख कर प्रज्ज्वलन कार्य भी किया गया। 


अन्य पोस्ट