महासमुन्द

प्राण प्रतिष्ठा पर जिला अस्पताल में 13 बच्चों की किलकारियां गूंजी
23-Jan-2024 1:41 PM
 प्राण प्रतिष्ठा पर जिला अस्पताल में 13 बच्चों की किलकारियां गूंजी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 23 जनवरी।
अयोध्या में प्रभु रामलला की प्राण प्रतिष्ठा अवसर पर महासमुंद जिला अस्पताल में 13 बच्चों की किलकारियां गूंजी। कल जन्में 13 बच्चों में 5 लडक़े और 8 लड़कियां शामिल हैं।

 वैसे तो किसी भी घर में किलकारी गूंजने पर जश्न का माहौल रहता ही है,  लेकिन किसी विशेष त्योहार या अवसर पर बच्चों का जन्म हो तो खुशी दोगुनी हो जाती है। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन 22 जनवरी को जिला अस्पताल में बच्चों के जन्म पर परिजनों की खुशी का ठिकाना ना रहा। 

जिला अस्पताल के प्रसूति वार्ड प्रभारी ने बताया कि कल सुबह 11 बजे नीतू रात्रे पति अशोक रात्रे ने बेटी को जन्म दिया। बड़े साजापाली निवासी अशोक रात्रे कोतवाली महासमुंद में आरक्षक हैं। प्राण प्रतिष्ठा के समय उनके यहां बेटी की जन्म होने से पूरा परिवार प्रसन्न है। सभी लोग घर पर उसके स्वागत की तैयारी कर रहे हैं। श्री रात्रे ने बताया कि उनकी मां कहती हैं कि घर पर सीता माता आई है।

ग्राम बेमचा निवासी जितेंद्र साहू की पत्नी हेमा साहू तथा बेमचा के ही लिकेश्वर साहू की पत्नी लक्ष्मी साहू ने बीती रात पुत्र को जन्म दिया। घरवालों ने कहा कि उनके यहां रामलला के रूप में बेटा हुआ है। पुत्र का नाम रखने की बात पर जितेंद्र के परिजनों ने बताया कि राम या लक्ष्मण कहकर बुलाएंगे। रामोत्सव के दिन और बीती रात को मिलाकर अस्पताल में 13 और बच्चों ने जन्म लिया। परिजनों का कहना है कि लक्ष्मण, सीता जैसे ही नाम रखेंगे। 

 


अन्य पोस्ट