महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 जनवरी। महिलाओं को रोजगार दिलाने के नाम पर एक एनजीओ द्वारा ठगी करने का मामला सामने आया है। एनजीओ द्वारा ग्रामीण महिलाओं को प्रतिनिधि नियुक्त कर 5-5 गांव में 2-2 समूह बनाने जिम्मेदारी दी गई थी। महिलाओं से समूह बनाकर काम करने के एवज में प्रत्येक सदस्य से 650 रुपए वसूल लिए। इसमें 800 से अधिक महिलाओं को जोड़ा गया।
सिटी कोतवाली प्रभारी मोनिका श्याम प्रशिक्षु डीएसपी ने बताया कि महिलाओं ने आकर थाने में इस संबंध में शिकायत की है। इस मामले की जांच के बाद संबंधितों पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि महिलाओं के शिकायत के अनुसार बसना के जीव संस्कार जन जागृति एनजीओ के कार्यकर्ता भूकेल निवासी परवेज आलम, झलप निवासी सुनिल कुलदीप, जगत निवासी दिलीप दास, छिलपावन निवासी राजा खान ने एक साल से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में गांव की महिलाओं को प्रतिनिधि नियुक्त कर प्रत्येक को 5-5 गांवों में 2-2 समूह बनाने की जिम्मेदारी दी थी। उक्त लोगों द्वारा अगरबत्ती, चाय पत्ती, निरमा बनाने का काम देने का भरोसा देकर महिलाओं से रुपए भी लिए गए। बाद में महिलाओं द्वारा काम दिलाने की बात कहने पर उन्हें काम ना देकर घुमाते रहे।
थाने में शिकायत करने बकमा, कोना, खट्टी, परसदा, लभराखुर्द, परसकोल, मचेवा, बरोंडाबाजार की गायत्री भारद्वाज, बसंती बंजारे, भोलेश्वरी कोसरे, सावित्री देवांगन, सविता डहरिया, निधि मानिकपुरी, अमरिका बघेल, कांती, मैना, हीराबाई, बसंती साहू, तुलसी, दिनेश्वरी और ज्योति ध्रुव शामिल हैं।