महासमुन्द

बरसों पुरानी मांग रायपुर-ओडिशा रेल लाइन के जल्द मूर्तरूप लिए जाने की संभावना बढ़ी
19-Jan-2024 3:54 PM
बरसों पुरानी मांग रायपुर-ओडिशा रेल लाइन के जल्द मूर्तरूप लिए जाने की संभावना बढ़ी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 जनवरी।
पूर्वी छत्तीसगढ़ व पश्चिम ओडिशा निवासियों के साथ ही सरायपाली बरगढ़ रेलनिर्माण संघर्ष समिति की वर्षों पुरानी मांग व समिति के संघर्ष के बाद अब जल्द ही मूर्तरूप लिए जाने की संभावना बढ़ गई है। इस हेतु समिति के सदस्यों द्वारा गुरुवार को ही भुवनेश्वर स्थित रेल सदन में पूर्वी तट रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण व मुख्य अभियंता से प्रत्यक्ष भेंटकर रेल निर्माण से संबंधित वृहद जानकारी प्राप्त की गई।

इस संबंध में संघर्ष समिति सरायपाली के संयोजक दिलीप गुप्ता ने जानकारी दी है कि रायपुर से बरगढ़ रेल लाइन निर्माण हेतु समिति के सदस्यों द्वारा अगस्त 2022 में दिल्ली जाकर रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को मांग पत्र सौंपा गया था। जिस पर रेलमंत्री द्वारा इसकी आवश्यकता को देखते हुए सर्वे का आदेश जारी कर दिया गया था। सर्वे कंपनी द्वारा जमीनी व ड्रोन के माध्यम से प्रस्तावित रायपुर से संबलपुर रेलमार्ग के लिए सर्वे पूर्ण कर लिया गया तथा रेललाइन निर्माण से संबंधित इस्टीमेट, खर्च, पुल, पुलियों, रेल्वे लाईन की संख्या से संबंधित अन्य जानकारी अभी प्रक्रियाओं में है।

बताया गया कि जल्द ही रेल्वे लाईन से संबंधित सभी रिपोर्ट को महाप्रबंधक रेलवे को भेजा जायेगा। वहां से स्वीकृति के पश्चात इस रिपोर्ट को प्रतिवेदन के साथ पूर्वी तट रेलवे द्वारा वित्त मंत्रालय दिल्ली को पूरी रिपोर्ट पूर्णता के साथ भेजा जाएगा। इन प्रक्रियाओं में सब कुछ ठीक रहा तो लगभग एक माह का समय लगेगा।

रेललाइन निर्माण के संबंध में समिति के सदस्यों द्वारा मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण एजी श्रीनिवास से चर्चा कर जानकारी दिए जाने के बाद श्री श्रीनिवास ने चीफ  इंजीनियर राधा मोहन सिंह से विस्तृत जानकारी लेने के बाद बताया कि 80 प्रतिशत जानकारी विभाग को प्राप्त हो चुकी है। शेष जानकारी क्रमश: संबलपुर, महासमुंद व रायपुर जिलों के कलेक्टरों के प्रतिवेदनों को शीघ्र प्रेषित किये जाने हेतु कहा जायेगा तथा समस्त जानकारी उपलब्ध होते ही मुख्य महाप्रबंधक को प्रतिवेदन के साथ प्रेषित कर दिया है। 

इस अवसर पर रायपुर बरगढ़ रेल लाइन निर्माण संघर्ष समिति सरायपाली के संयोजक श्री गुप्ता, कृष्णचन्द्र पंडा महासचिव व अविजित प्रतिहार संगठन सचिव उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट