महासमुन्द

...जब आंदोलन में भाग लेने वालों को जगह-जगह ट्रेन से जंगलों में उतार दिया गया, फिर भी महासमुंद के कुछ लोग स्थल तक पहुंचे थे
17-Jan-2024 2:41 PM
 ...जब आंदोलन में भाग लेने वालों को जगह-जगह ट्रेन से जंगलों में उतार दिया गया, फिर भी महासमुंद के कुछ लोग स्थल तक पहुंचे थे

माधवराव टांकसाले बताते हैं कि तब भी शहर समेत आसपास के गांवों में लोगों ने खुशियां मनाई थी

महासमुंद के गांधी चौक में शिला पूजन भी किया गया था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17 जनवरी।
अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा होगी। सभी को मालूम है कि अयोध्या में निर्मणाधीन राममंदिर मंदिर को लेकर दशकों पहले भी एक आंदोलन हुआ था। उक्त आंदोलन में महासमुंद शहर के कई आस्थावानों की सहभागिता रही है। पता चला है कि विश्व हिन्दू परिषद के नेतृत्व में महासमुंद शहर और आसपास गांवों के लोगों ने इस आंदोलन में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया था।

इस दौरान अयोध्या के राम मंदिर में लगने वाले शिला पूजन में शहर के साथ आसपास के ग्रामीण अंचल के लोगों ने हिस्सा लिया और तुमगांव, बिरकोनी, झलप, पटेवा, खट्टी तथा सोरमसिंघी के लोगों ने बड़े धूमधाम से दीये जलाकर एक त्यौहार मनाया था।

अयोध्या में श्रीराम मंदिर के शिलापूजन के बाद महासमुंद के गांधी चौक में शिला पूजन का आयोजन भी किया गया था। अयोध्या में पूजन के बाद कुछ शिलाओं को महासमुंद के श्रीराम जानकी मंदिर में रखा गया। श्रीराम जानकी मंदिर से उक्त शिलाओं को पूजन के लिए गांधी चौक लाया गया और पूजा की गई। उस पूजन में प्रमुख रूप से जयलाल महराज, नारायण राव ढोंक,लक्ष्मण राम निमोणकर, पुष्कर चन्द्राकर सोरमसिंघी, घनश्याम चन्द्राकर, मनहरण लाल चन्द्राकर, दुर्गा चन्द्राकर, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख नारायण राव ढोंक, कचहरी के सामने स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी सुंदर दास महराज, श्रीराम जानकी मंदिर के पुजारी शत्रुहन वैष्णव, दाऊलाल चन्द्राकर पार्षद, अमृत साहू, डा. विमल चोपड़ा, माधव राव टांकसाले तथा सैकड़ों लोग उपस्थित थे। इनमें से दाऊलाल चंद्राकर, डॉ. विमल चोपड़ा और माधव राव टांकसाले आज भी इसके गवाह हैं। 

माधव राव टांकसाले बताते हैं-उन शिलाओं को पं. जयलाल महाराज तथा लक्ष्मण राव निमोणकर, नारायण राव ढोक ने पूजन किया था। पूजन समारोह कार्यकम का संचालन खुद मैंने किया था। शिला पूजन कार्यक्रम के पश्चात रैली में चमनलाल चन्द्राकर, स्व.मोहन शर्मा, तारेन्द्र चन्द्राकर, दुर्गा साहू, मुन्ना साहू,  स्व.मदन सोनी, जसराज जैन, सुरेश चन्द्राकर सहित सैकड़ों लोगों ने भाग लिया था। 

अयोध्या में आयोजित आंदोलन में शहर के साथ ग्रामीण अंचल से भी लोगों ने अयोध्या जाकर भाग लिया। जिसमें कांपा के स्व.सरजू प्रसाद साहू, तुमगांव के स्व.देवसिंह ठेठवार, तिलक साहू, पररू साहू, सीता राम खैरा, महासमुंद से पत्रकार रामकुमार तिवारी, अजय चन्द्राकर, भारत बुंदेल, अनूप कहार ने भाग लिया। 

आंदोलन में भाग लेने वालों को सरकार ने जगह-जगह ट्रेन से जंगलों में उतार दिया। लेकिन महासमुंद के अजय चन्द्राकर, भरत बुंदेल, अनुप कहार आयोध्या आंदोलन स्थल तक पहुंचने में सफल हो गये थे। शिला पूजन सहित यह आंदोलन पुलिस पहरे में संपन्न हुआ था। तत्कालीन शासन नहीं चाहती थी कि आंदोलन सफल हो। अत: पुलिस निगरानी और विरोध के बावजूद सारे आंदोलन संपन्न हुई और लोगों ने अपनी राम के प्रति आस्था को प्रकट किया। आज उन्हीं के त्याग और साहस के बदौलत श्रीराम मंदिर का निर्माण पूरा हो सका है। 



अन्य पोस्ट