महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15जनवरी। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मिडिल स्कूल खरोरा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि मनु चंद्राकर ने कहा कि विवेकानंद ने शिकागो के विश्व धर्म सम्मेलन में विदेश की धरती पर भारतीय सनातन संस्कृति का ध्वज लहराया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि मनीषा चन्द्राकर ने कहा स्वामी जी के विराट व्यक्तित्व का अनुसरण कर सशक्त भारत का निर्माण करने कहा। पालक मंच का प्रतिनिधित्व करते हुए सरिता यादव ने कहा कि विवेकानंद का संदेश भारत को नवीन ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रेरित करेगा। संस्था के वरिष्ठ शिक्षक डोमार राम साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि आओ मनुष्य बनें, अपनी संकीर्णता से बाहर आएं, अपना दृष्टिकोण व्यापक बनाएं। समाज और राष्ट्र निर्माण में जुट जाएं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधान पाठक उमेश भारती गोस्वामी ने कहा कि शक्ति शक्ति के बिना राष्ट्र का पुनरूत्थान संभव नहीं है। संस्कृति के संवद्र्धन, सुरक्षा व संप्रेषण में युवाओं व मातृशक्ति की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से समाज के विभिन्न स्तरों में संस्कार तथा समरसता को प्रोत्साहित करने की जरूरत है। युवाओं के उत्थान से ही राष्ट्र का उत्थान संभव है और तभी स्वामी विवेकानंद जयंती को युवा दिवस के रूप में मनाना सार्थक होगा। इस अवसर पर बाल संसद द्वारा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का संचालन करते हुए शिक्षक दुबे कुमार पटेल एवं आभार प्रदर्शन रामेश्वरी ध्रुव ने किया। उक्ताशय की जानकारी सांस्कृतिक प्रभारी साक्षी चन्द्राकर ने दी।