महासमुन्द
महासमुंद,14 जनवरी। भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य व पूर्व व्यापारी प्रतिनिधि रमेश साहू ने दावा किया है कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को 400 से अधिक सीटें मिलेगी। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पुन:भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत देश के 80 करोड़ से अधिक गरीबों को अगले 5 साल तक मुफ्त अनाज प्रदान किया जाएगा। जो गरीबों के हित में केंद्र सरकार का प्रमुख निर्णय है। इसके साथ ही अनगिनत ऐसे योजनाओं का संचालन केंद्र सरकार द्वारा किया जा रहा है, जिसका सीधा लाभ देश के गरीबों, मजदूर, किसान सहित समस्त वर्ग के लोगों को मिल रहा है।
श्री साहू ने कहा कि पिछले दस वर्षों में जिस प्रकार भारत में एनडीए की सरकार निरंतर पूर्ण बहुमत और स्थिरता के साथ चल रही है, वह किसी भी देश और उसके नागरिकों के लिए गौरव व सम्मान का विषय है। अंतर राष्ट्रीय मंच पर भी ऐेसे देशों की स्थिति मजबूत और महत्वपूर्ण हो जाती है। जहां शांति और कानून व्यवस्था का राज होता है। जहां सत्ताधारी दल अपने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय समझौतों को पूर्ण करने में सक्षम होते हैं। वहां विश्व के अन्य शक्तिशाली देश और अंतर्राष्ट्रीय संगठन भी किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप करने से बचते हैं। ऐसा देश अपने विकास के लक्ष्य की ओर नित अग्रसर होता है। उन्होंने कहा है कि भारत में स्थिर सरकार होने से विकास कार्यों को गति मिल रही है। विदेशी निवेश भी बढ़ा है। जीडीपी 6.4 फीसदी है। जापान, जर्मनी, इसराइल, अमेरिका, फ ्रांस, कनाडा, दक्षिण कोरिया, मलेशियाए से आर्थिक रिश्ते अत्यधिक मजबूत हुए हैं। वर्तमान सरकार ने देश में राजनैतिक स्थिरता और अंतर्राष्ट्रीय व्यापारिक बहुलता को बनाये रखा है, जो किसी भी अर्थव्यवस्था को नवीन उंचाइयां छूने के लिए अति आवश्यक होता है।