महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,14 जनवरी। महर्षि दयानंद सरस्वती के 200वीं जयंती के उपलक्ष्य में गुरुकुल कोसरंगी में कल एक कार्यक्रम का उद्घाटन ध्वजारोहण के साथ किया गया। सांसद वसंत पंडा ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती 19वीं सदी के महान संत थे। जिन्होंने भारतीय संस्कृति और परंपरा को विश्व के सामने रखा। गुरुकुल में ही राम और कृष्णा ने शिक्षा प्राप्त की थी। आज के युवा अगर अपने जीवन का कल्याण करना चाहते हैं तो उन्हें गुरुकुल की शरण में आना होगा। गुरुकुल का ब्रह्मचारी देशभक्ति स्वाभिमानी और व्यसन मुक्त होता है।
गुरुकुल के आचार्य सुरेश ने जानकारी दी है कि कोसरंगी गुरुकुल में ऐतिहासिक 200 कुंडी महायज्ञ का आयोजन हो रहा है जिसमें अनेक साधु संत महात्मा भाग लेंगे। कल उद्घाटन के दौरान 1000 से अधिक नर नारी एक साथ पवित्र वैदिक अग्नि में वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ गुरुकुल कोसरंगी एवं आमसेना के 101 ब्रह्मचारियों ने पवित्र वेद मंत्रों का उच्चारण किया।
महायज्ञ के ब्रह्म आचार्य डॉ. अजय आर्य ने कहा-मनुस्मृति में लिखा है कि इस देश की संस्कृति और परंपरा विश्व भर में सम्माननीय थी। गुरुकुल का अर्थ है भारत की संस्कृति भारत की परंपरा और अपने अस्तित्व को चाने वाली संस्था। गुरुकुल के बिना आप रामकृष्ण शंकर और दयानंद की कल्पना नहीं कर सकते। भारतीय हिंदू संस्कृति को बचाने के लिए गुरुकुल को बचाना आवश्यक है। गुरुकुल के आचार्य सुरेश एवं मुकेश शास्त्री ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा गुरुकुल हिंदू सनातन संस्कृति को जीने का प्रयत्न कर रहा है।
स्वामी व्रत आनंद सरस्वती ने कहा कि ईश्वर को स्मरण करके अपनी आत्मा को पवित्र बनाए रखना और कुछ आदशों का पालन करना ही गुरुकुल का सर्वोच्च उद्देश्य है। प्रलय थिटे, अनिल शास्त्री एवं राम कथाकार भागीरथ ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कलयुग में विषम परिस्थिति में गुरुकुल ही हम सब की आशाओं का केंद्र है। राकेश दुबे एवं राम शर्मा ने कहा कि गुरुकुल सादा जीवन उच्च विचार के लिए प्रेरित करता है। कबीरपंथी संत जीवेंद्र ने कहा कि गुरुकुल के दर्शन और गुरुकुल में समय बिताने से पुण्य का उदय होता है। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में भारतीय संस्कृति वैदिक संस्कृति में विश्वास करने वाले लोगों ने भाग लिया। गुरुकुल के पीतांबर एवं श्वेतांबर ब्रह्मचारियों ने वेद मंत्र का उच्चारण किया। आचार्य मनु देव ने ब्रह्मचारी नंदलाल के साथ सुमधुर भजन प्रस्तुत किया।