महासमुन्द

पिरदा कॉलेज में मनाया विश्व हिंदी दिवस
12-Jan-2024 2:38 PM
पिरदा कॉलेज में मनाया विश्व हिंदी दिवस

महासमुंद,12 जनवरी। शासकीय नवीन महाविद्यालय पिरदा में विश्व हिंदी दिवस का आयोजन किया गया। ग्राम बरेकेल में संचालित सात दिवसीय विशेष शिविर में बौद्धिक परिचर्चा के मुख्य अतिथि उत्कल प्रधान एवं प्रधान पाठक किशोर पटेल की अध्यक्षता में यह आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं महाविद्यालय में हिंदी के विभागाध्यक्ष अंकित भोई ने विश्व हिंदी दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए हिंदी के प्रयोग में व्याप्त विसंगतियों पर विद्यार्थियों से चर्चा की। 

उन्होंने इस वर्ष के विश्व हिंदी दिवस के थीम हिंदी. पारंपरिक ज्ञान और कृत्रिम बुद्धिमत्ता को जोडऩा विषय पर प्रकाश डालते हुए आधुनिक तकनीकी में हिंदी के बढ़ते अनुप्रयोग एवं फिल्म जगत और हिंदी की सम्बद्धता पर अपना विचार रखा। बौद्धिक चर्चा में उपस्थित भूतपूर्व अधिवक्ता एवं वर्तमान शिक्षक उत्कल प्रधान ने हिंदी और अंग्रेजी की समानता की हिमायत करते हुए दोनों भाषा के व्यवहार का आग्रह किया। शासकीय प्राथमिक शाला बरेकेल के प्रधान पाठक श्री पटेल ने बेहद चुटीले माध्यम से समाज में बढ़ते अंग्रेजी के आधिपत्य पर अपनी बात रखी। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी मकरध्वज राणा ने किया। 

इस अवसर पर महाविद्यालय के भौतिक शास्त्र के सहायक प्राध्यापक अजय कुमार भोई सहित बड़ी संख्या में छात्र.छात्राएं उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट