महासमुन्द
बैंक में रोजाना भीड़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 जनवरी। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक महासमुंद में अब तक हर रोज बोनस की राशि निकालने किसानों की भीड़ उमड़ रही है। गांवों में बोनस राशि प्राप्ति के लिए मुनादी कर पैसे निकालने की प्रक्रिया बताई जा रही है।
कुछ तकनीकी कारणों से जिले के 20989 किसानों के बैंक खाते में 2 साल के धान के बोनस की राशि नहीं पहुंच पाई है। यह राशि करीब 80.80 करोड़ रुपए के आसपास है। अत: जिन किसानों को राशि नहीं मिली हैं, ऐसे किसान अपनी बोनस की राशि के लिए परेशान हैं।
जिले के 1 लाख, 72 हजार 366 किसानों को 2014-15 और 2015-16 के धान बोनस के रूप में 352 करोड़ रुपए मिलने हैं। यह सारी राशि गत दिनों सभी किसानों के खाते में हस्तांतरित कर दी गई थी। राशि हस्तांतरण के बाद जिला सहकारी बैंकों में राशि निकालने के लिए किसानों की भीड़ रोजाना उमड़ रही है।
रोजाना गांवों से हजारों लोग राशि निकालने के लिए बैंक पहुंच रहे हैं। जैसे-तैसे करके बैंक स्टाफ देर शाम तक किसानों को राशि मुहैया करा रहे हैं। इसके अलावा 20 हजार 989 किसानों के खाते में बोनस के 80-80 करोड़ रुपए नहीं आने के कारण किसान परेशान हैं और बैंक के चक्कर काट रहे हैं। खाता बंद होने के कारण, खाते में लेन-देन वर्षों से नहीं होने के कारण, खाता निष्क्रिय होने से, वारिसान नहीं होने के कारण या संबंधित किसान की मृत्यु होने के कारण यह स्थिति निर्मित होना बताया गया है।
अब इस समस्या से निपटने के लिए गांवों में मुनादी करके ऐसे किसानों को तत्संबंध में जानकारी दी जा रही है। जानकारी के अनुसार जिस सोसायटी में किसान ने धान बेचा था, वहां जाकर उसे एक फ ार्म भरकर देना है। इसके लिए संबधित दस्तावेज आधार कार्ड, वारिसान पत्र का फ ोटो, बैंक पासबुक यदि नहीं है तो खात खुलवाना होगा, आदि जानकारी दी जा रही है।
कहा जा रहा है कि इस प्रक्रिया के बाद संशोधन व सत्यापन की कार्रवाई होगी। बाद में इन किसानों को बोनस राशि का भुगतान किया जाएगा।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक महासमुंद जिला नोडल अधिकारी जीएन साहू ने कहा कि ऐसे किसानों के मामले शीघ्रता से निपटाये जा रहे हैं। प्रभावित किसान अपनी समिति में जाकर बताई गई प्रक्रिया पूरी कर लें। तत्पश्चात उनके खाते में बोनस की राशि तत्काल डाल दी जाएगी।