महासमुन्द
नकाबपोश दो-तीन बाइक में देखे गए
तीन-चार दिनों के भीतर आधा दर्जन घायल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 जनवरी। विगत कुछ दिनों से जिले के सरायपाली शहर के आस-पास सूनसान जगहों पर कुछ नकाबपोश आपराधिक तत्व रात्रि के समय में आने-जाने वालों पर हमले कर रहे हैं। अचानक इस प्रकार की घटनाओं से शहर से काम करने के बाद रात्रि के समय अपने घर लौटने वाले लोगों में दहशत का माहौल है।
शहर के कुछ कॉलोनियों में भी देर रात अज्ञात लोगों के घूमने की घटनाएं सीसी टीवी कैमरे में रिकार्ड की गई हंै। लगभग सप्ताह भर से मुख्य मार्ग पर झिलमिला से बैतारी के बीच, सारंगढ़ मार्ग पर बोंदा से पहले, सरसीवां मार्ग पर बालसी के पहले आदि स्थानों पर ऊंचे कदकाठी के अज्ञात लोग आने-जाने वाले लोगों पर डंडे या रॉड से हमला कर रहे हैं। जानकारी अनुसार अज्ञात नकाबपोश दो.तीन मोटरसायकल में आते हैं और अचानक किसी भी मोटरसायकल चालक पर डंडे या रॉड से वार कर देते हैं। इससे तीन-चार दिनों के भीतर लगभग आधे दर्जन लोग घायल हो चुके हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी मिली है कि बीती रात 2 बजे सरायपाली शहर सागर स्टेट कालोनी में भी 4-5 लोग घूमते देखे गए हैं। जिनकी तस्वीर कॉलोनी के सीसी टीवी कैमरे में कैद है। बताया गया है कि इस बीच पढ़ाई कर रही एक बालिका के शोर मचाने पर वे भाग निकले। कालोनी वाले बताते हैं कि सरायपाली शहर में प्रतिदिन आसपास के सैंकडा़ें ग्रामीण मजदूरी आदि के सिलसिले में आते हैं और रात्रि के समय घर लौट जाते हैं। लेकिन बीते दिनों से इनमें भी भय व्याप्त है।
गौरतलब है कि लगभग दो माह पूर्व इसी तरह की एक घटना में सरसीवां मार्ग पर रात्रि के समय अपने घर वापस जा रहे एक व्यापारी के ऊपर दो लोगों ने हमला कर उनसे लगभग 50 हजार रुपए लूट लिये थे। पुन: इस तरह की घटनाएं सामने आने से लोगों में दहशत है और पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ाए जाने की मांग कर रहे हैं।
नकाबपोशों के हमले से बाल-बाल बचे नगरपालिका के पम्प ऑपरेटर अरुण ने बताया कि वे 3 जनवरी को प्रतिदिन की तरह रात्रि लगभग 8.45 बजे अपने घर ग्राम चट्टी गिरोला वापस लौट रहे थे। झिलमिला से आगे आमबहेलियेन मंदिर के पास वे जैसे ही पहुंचे, उनके मोटरसायकल को ओव्हरटेक करते हुए एक काले रंग की मोटर सायकल उनसे कुछ दूर जाकर रुक गई। उक्त वाहन में दो लोग सवार थे। जिनमें एक ऊंचे कद काठी का था और दूसरा नाटे कद का था।
अचानक उनमें से एक युवक ने हाथ में रखे डण्डे से बार कर दिया। अरूण ने किसी तरह झुक कर अपनी जान बचाई और शोर करने लगे। इतने में हमलावर वहां से भाग गए। अरूण ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। जिस पर पुलिस टीम तुरंत वहां पर पहुंची लेकिन तब तक हमलावर वहां से भाग चुके थे।
सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार दो दिन पूर्व भी इसी स्थान पर ग्राम बैतारी के दो लोगों पर हमला हुआ जिसमें वे घायल हो गए हैं। इसके अलावा 3 जनवरी को सारंगढ़ मार्ग पर बोंदा से कुछ पहले चकरदा-नूनपानी क्षेत्र के एक राज.मिस्त्री पर भी इसी तरह से मोटरसायकल सवारों ने हमला किया जिससे वे भी घायल हो गए हैं। हमलावरों का हुलिया और तरीका सभी ने एक समान बताया है। वहीं घटना का समय और तरीका भी लगभग एक समान है।