महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,6 जनवरी। विकसित भारत संकल्प यात्रा के संयोजक डॉ. चोपड़ा ने कल दोपहर एक पत्रकार वार्ता लेकर बताया कि जिले में कुल 551 ग्राम पंचायत हंै, इसमें से अब तक कुल 190 पंचायतों में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम का आयोजन हो चुका है। यह यात्रा जनवरी तक चलेगी। प्रतिदिन जिले के 14 और ब्लॉक स्तर पर 4 यात्रा कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। यात्रा के प्रशासनिक और पार्टी स्तर पर संयोजक बनाए गए हैं। महासमुंद विधानसभा स्तर पर शहर मंडल में मोहन साहू को संयोजक बनाया गया है।
इसी प्रकार ग्रामीण के लिए लक्ष्मीकांत तिवारी, सिरपुर मंडल मोती साहू और पटेवा मंडल के लिए धर्मेश शुक्ला को संयोजक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी ने 2047 तक देश को विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। इस मुहिम में जनता को भी कदम से कदम मिलाकर चलना होगा, तभी भारत एक विकसित और समृद्ध देश बन सकेगा।
डॉ. विमल चोपड़ा ने कहा कि इन दिनों देशभर में विकसित भारत संकल्प यात्रा चलाई जा रही है। जिसमें प्रधानमंत्री के कार्यों और की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री की सोच है कि वर्ष 2047 में जब भारत की आजादी को 100 वर्ष हो जाए तो दुनिया उसे एक विकसित देश के रूप में जाने। प्रधानमंत्री इस बीच चाहते हैं कि देश की जनता को आवास, सडक़, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, रोजगार व अन्य मूलभूत सुविधाएं मिल जाएं।
उन्होंने संकल्प लिया है कि वे आजादी के 100वें साल तक भारत को विकसित देश बना देंगे। प्रधानमंत्री के इस विजन को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए हर भारतीय को संकल्प लेना होगा और इसमें अपनी अहम भूमिका निभानी होगी। इस अवसर उनके साथ मोती साहू, देवीचंद राठी, मोहन साहू आदि उपस्थित थे।