महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 जनवरी। इमलीभांठा महासमुंद निवासी रणजी खिलाड़ी शशांक चंद्राकर का बल्ला एक बार फिर रणजी टूर्नामेंट में चमकेगा। पिछली बार उन्होंने इसी टूर्नामेंट के अंतिम मुकाबले में शानदार शतक जड़ा था। इस बार फिर उनका चयन सीनियर वर्ग में छत्तीसगढ़ टीम के लिए हुआ है। वे 5 जनवरी से असम के विरूद्ध शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम रायपुर में इस सीजन का अपना पहला मैच खेल रहे हैं।
मालूम हो कि शशांक 5 वर्ष से सैयद मुश्ताक अली एवं विजय हजारे टूर्नामेंट खेलते आ रहे हैं और कुछ सालों से वे छत्तीसगढ़ क्रिकेट टीम के सदस्य हैं। दूसरी ओर महासमुंद जिले से खेल रहे विकेट कीपर व बल्लेबाज वैभव पांडे रायपुर का चयन अंडर 23 कर्नल सीके नायडू ट्राफी के लिए हुआ है। उनका मैच 7 जनवरी को होगा। इसी तरह अंडर.14 आयु वर्ग में छत्तीसगढ़ के 30 खिलाडिय़ों का चयन सेंट्रल जोन राजसिंह डूंगरपुर टूर्नामेंट के लिए किया गया है। इनका प्रशिक्षण शिविर आरटीसीए ग्राउंड रायपुर में होगा।
इन 30 में खिलाडिय़ों में बागबाहरा, महासमुंद 3 नवोदित खिलाड़ी आयुष द्विवेदी, अनमोल द्विवेदी के अलावा मेहुल देवांगन शामिल हैं। अनमोल ने प्लेट ग्रुप में सर्वाधिक रन व एलिट ग्रुप में दूसरा सर्वाधिक 286 रन बनाए। आयुष द्विवेदी ने प्लेट ग्रुप मैच में दूसरा सर्वाधिक 13 विकेट व एलिट ग्रुप में सर्वाधिक 4 विकेट लिए थे।
इन खिलाडय़िों का चयन मैचों में उनके श्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष शशांक मोघे,सचिव विनोद शर्मा, कोषाध्य सलीम कुरैशी, चयनकर्ता राजेश शर्मा, तुषार चौहान, दिनेश, आनंद कामदार, तृपेश, आलोक द्विवेदी, शैलेष शुक्ला ने चयनित खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए आने वाले मैचों में अच्छा प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।