महासमुन्द
घंटों की मशक्कत से काबू, करोड़ों का नुकसान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 जनवरी। सरायपाली मुख्य मार्ग पर स्थित कपड़े की बड़ी दुकान और गोदाम में रविवार सुबह भीषण आग लग गई थी। जिससे भवन सहित कपड़े व अन्य सामग्रियों के जल जाने से करोड़ों का नुकसान हो गया। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने का अंदेशा बताया जा रहा है।
रविवार सुबह आग लगने की जब जानकारी हुई तो आसपास के लोगों सहित प्रशासन व जनप्रतिनिधि भी वहां पहुंच गए। सभी के सहयोग व 5 फायर ब्रिगेड की मदद से आग बुझाने में सफलता मिली।
जानकारी अनुसार लगभग डेढ़ माह पहले दीपावली के समय ही इस दुकान का शुभारंभ हुआ था। इस बड़ी अग्नि दुर्घटना से दुकान संचालक भी सदमे में है। आग लगने की सूचना पर वहां लोगों की भीड़ को देखते हुए पुलिस टीम लोगों को नियंत्रित करने के प्रयास में लगी रही। रिहायशी इलाके के बीच दुकान में लगी आग में आसपास के मकानों में रहने वाले लोग भी दहशत में आ गए। लोग अपने घरों से बाहर आ गए। साथ ही आसपास के दुकान संचालक भी मौके पर पहुंच गए। तत्काल ओडिशा, सारंगढ़, सरायपाली, महासमुंद से पहुंची फायर ब्रिगेड ने दोपहर आग पर काबू पाया। बावजूद अधिकांश सामान जलकर की खाक हो गए।
दुकान संचालक श्री अग्रवाल ने बताया कि इस आग से कपड़े, फ र्नीचर, भवन व था अन्य सामग्रियों सहित करोड़ों का नुकसान हुआ है। सुबह दुकान में आग लगने की खबर सोशल मीडिया के माध्यम से बहुत जल्द सभी फेल गई।
जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक चातुरी नंद, पालिका के कार्यवाहक अध्यक्ष चंद्रकुमार पटेल, पूर्व अध्यक्ष अमृत पटेल, पत्रकारों और पुलिस व प्रशासनिक टीम भी मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। उक्त दुकान व गोदाम लगभग 17 हजार वर्गफीट में बना हुआ है। गोदाम की ओर से शॉट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
आग की विकरालता को देखते हुए सरायपाली सहित महासमुंद, सारंगढ़ व ओडिशा से फायर ब्रिगेड बुलाया गया था। जब तक आग पर काबू पाया जाता, करोड़ों का नुकसान हो चुका था। इस बीच आसपास के रहवासियों व अनेक लोगों ने दुकान में रखे सामानों को बाहर निकालने में सहयोग किया।