महासमुन्द
रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज बनाने 122 पेड़ों को काटना प्रस्तावित था
97 पेड़ शिफ्ट करने की स्थिति में नहीं हैं, काटे जाएंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 दिसंबर। बेलसोंडा में रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज निर्माण होना है। इस ओवरब्रिज को बनाने में 122 पेड़ों को काटना प्रस्तावित था, लेकिन 122 में से 25 पेड़ों को बचा लिया गया है। इन पेड़ों को जड़ समेत उखाडक़र अलग-अलग जगहों पर शिफ्ट किया जाएगा। शेष बचे 97 पेड़ शिफ्ट करने की स्थिति में नहीं हैं अत: इन्हें काटे जाएंगे। जिले में यह पहली बार है, जब किसी प्रोजेक्ट के लिए पेड़ों की शिफ्टिंग की जा रही है।
पर्यवरण संरक्षण के लिए पेड़ों की शिफ्टिंग की मांग विश्वनाथ पाणिग्रही ने उठाई थी। पर्यावरण विद् विश्वनाथ प्राणीग्राही ने पेड़ की शिफ्टिंग के लिए मुहिम चलाई और वन विभाग के अधिकारी के अलावा नेशनल हाइवे के अधिकारी से चर्चा की। इसके बाद शिफ्टिंग के लिए कार्य एजेंसियों से भी चर्चा हुई। पेड़ों की शिफ्टिंग को लेकर कोलकाता के एक्सपर्ट ने वन विभग के कर्मचारियों का मार्गदर्शन किया। इसके बाद वे कोलकाता लौट गए हैं। अब वन विभाग के कर्मचारी ही पेड़ों की शिफ्टिंग करेंगे।
इस वक्त 24 पेड़ों की शिफ्टिंग बाकी है। नेशनल हाइवे 353 बेलसोंडा रेलवे क्रासिंग के आस-पास रेलवे ओवर ब्रिज की जद में आ रहे पेड़ों की शिफ्टिंग दूसरे दिन से ही प्रभावित रही है। बताया जा रहा है कि इन पेड़ों को पहले प्रायोगिक गार्डन में शिफ्ट करने का प्लान था, लेकिन अब इन्हें अन्य जगह शिफ्ट किए जाएंगे। ऐसे 25 पेड़ चिह्नांकित किए गए हैं। अन्य 97 पेड़ों की शिफ्टिंग के बाद वापस नहीं पनपने की आशंका थी। इस कारण इन 94 पेड़ों की कटाई की जा रही है।
अभी चूंकि पेड़ों को शिफ्ट करने और काटने का काम जारी है। अत: खरोरा से घोड़ारी तक सडक़ किनारे नए विद्युत पोल लगाए गए हैं। इससे पहले रात में इस मार्ग में अंधेरा छाया रहता था। अब यह मार्ग शीघ्र ही रोशन होगा। इससे लोगों को आने-जाने में सहुलियत होगी। यहीं पर रेलवे ट्रेक से लगे वन विभाग की भूमि पर प्रायोगिक गार्डन बनाया जा रहा है। जहां नेशनल हाइवे से शिफ्ट किए गए कुछ पेड़ों को भी लगाया जाएगा। इसमें सागौन व इमारती लकडिय़ां भी लगाई जाएगी।
शिफ्टिंग के दौरान कुछ मिनट के लिए आवाजाही बंद
पेड़ों की शिफ्टिंग के दौरान कुछ मिनट के लिए हाइवे की आवाजाही बंद की गई जिसके कारण लंबा जाम लग गया। दोनों ओर के वाहनों को आने-जाने में परेशानी हुई। पेड़ों के शिफ्टिंग के दौरान भी कई कार चालक लापरवाही दिखाते रहे। इसके अलावा कर्मचारी लाल झंडी लेकर भी खड़े रहे। इसके अलावा बेरिकेडिंग भी की गई थी।
रेंजर टी आर सिन्हा कहते हैं कि इसके शिफ्टिंग का प्रयोग सफल होने पर आगे भी इस तरह की पहल की जाएगी। कोलकाता से आए अर्नब मंडल की टीम पेड़ों की शिफ्टिंग का काम कर रही है।
पर्यावरण विद् विश्वनाथ पानीग्राही ने बताया कि पेड़ों की शिफ्टिंग को लेकर मुहिम चलाई थी। इससे पर्यावरण का संरक्षण होगा। कई पेड़ कटने से बच जाएंगे। पेड़ों को बड़ा होने में 15 से 20 साल लग जाते हैं। 100 मीटर की दूरी पर ही वन विभाग के प्रस्तावित गार्डन में ही पेड़ों को फिर से रोपण किया जा रहा है।
नेशनल हाइवे के अधिकारी एसके द्विवेदी कहते हैं कि ओवरब्रिज के लिए टेंडर अब तक नहीं खुल पाया है। इसमें अभी समय लगेगा। पेड़ की कटाई व शिफ्टिंग शुरू हो गई है। विद्युत पोलों की भी शिफ्टिंग किया जाना है। इसके अलावा भूअर्जन की प्रक्रिया भी चल रही है।
श्री सिन्हा ने बताया कि अभी पेड़ों की शिफ्टिंग प्रभावित है। पेड़ अब प्रायोगिक गार्डन की बजाय अन्य जगहों पर भी स्थानांतरित किए जाएंगे। इसके लिए अलग-अलग जगह का चिह्नांकन किया जा रहा है। इसके बाद उन जगहों पर गड्ढे खोदे जाएंगे और वहां पेड़ों को शिफ्ट किया जाएगा। वन विभाग ने 122 पेड़ों में से 25 पेड़ों की शिफ्टिंग करने की योजना बनाई है। बीते शनिवार को वन विभाग पूरे दल-बल के साथ शिफ्टिंग में जुटा था। अगले दो दिन अवकाश होने के कारण पेड़ों की शिफ्टिंग नहीं हो पाई है। वन विभाग के कर्मचारी अन्य कार्यों में व्यस्त होने के कारण शिफ्टिंग का कार्य अटका हुआ है। शनिवार को एक पेड़ की शिफ्टिंग में ही आधा दिन बीत गया था। इसके अलावा मार्ग में जाम भी लग गया था।