महासमुन्द
राजधानी में कोरोना केस मिलने के बाद महासमुंद में तैयारियां
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,24 दिसंबर। कोरोना के नए वेरिएंट जे एन 1 के फैलाव की संभावना के मद्देनजर अब मेडिकल कॉलेज महासमुंद में भर्ती के लिए आने वाले मरीजों की आरटी पीसीआर जांच शुरू कर दी गई है। जिले भर के अन्य अस्पतालों में भी भर्ती के लिए आने वाले मरीजों का कोरोना टेस्ट किया जा रहा रहा है। तैयारियों को लेकर आज 24 दिसंबर को मॉक ड्रिल किया जाएगा।
मालूम हो कि हाल ही में अस्पतालों को शासन से गाइड लाइन मिली है कि प्रतिदिन 100 मरीजों का जांच कर धनात्मक आनेवाले मरीजों को रायपुर एम्स भेजा जाए। आदेश के परिपालन में पहले ही अलर्ट हो चुके मेकाहम के चिकित्सक ट्रायल शुरू कर चुके हैं। हालांकि अब तक जिले में एक भी धनात्मक मरीज मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन अस्पताल प्रबंधन अब मरीजों का आरटी पीसीआर जांच कर 55 बेड के डेडीकेटेड वार्ड तैयार रखे हुए हैं। इस वार्ड में पर्याप्त साधन उपलब्ध हैं। वहीं 100 बेड पृथक से ऑक्सीजन वाले बेड हैं।
जिला स्वास्थ्य समिति ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी के घर अन्य जिले प्रांत से आए संबंधी या अन्य किसी भी व्यक्ति में अत्यधिक सर्दी खासी तथा बुखार के लक्षण दिखाई देने पर अतिशीघ्र स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारी को सूचना देवें साथ ही मरीज को अतिशीघ्र निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार कराएं और अपने आसपास के व्यक्तियों को भी इस बीमारी से संभावित खतरों से अवगत कराएं।
मेडिकल कॉलेज के एमएस डॉ बसंत माहेश्वरी ने बताया कि शासन से मिली गाइड लाइन का पालन करने चिकित्सकों को आदेशित कर दिया है। अस्पताल आने वाले मरीजों को जांच की जा रही है। यदि कोई धनात्मक मिला तो उन्हें एम्स भेजा जाएगा। डा. माहेश्वरी ने कहा कि सर्दी, खांसी से प्रभावित मरीजों से निकट संपर्क से बचें। चेहरे पर मास्क लगाएं, खांसी अथवा छींक के समय अपने चेहरे को टिशु पेपर रूमाल से ढककर रखें। अपने हाथों को किसी हेंड सेनेटाइजर से नियमित साफ रखें। अपने आसपास हमेशा साफ. सफाई रखें। यदि आपको फ्लू के लक्षण महसूस हो रहे हैं, भले ही आपने हाल में कोई यात्रा की हो या नहीं तुरंत डाक्टर के पास जाएं। टेस्ट रिपोर्ट आने पर घबराने की जरूरत नहीं है। क्योंकि फ्लू का एंटीवायरल ड्रग टैमीफ्लू के जरिए इलाज किया जा सकता है।
ठीक इसके विपरीत महासमुंद शहर में डाक्टरों से मिल रहे गाइडलाइन का पालन करने के लिए लोगों को 3 जागरूक करने के बावजूद शहर में एक्का-दुक्का लोगों को छोड़ कोई भी इसका पालन नहीं कर रहा है। ठंड की वजह से भी मरीजों की संख्या में इजाफ ा हो रहा है। चिकित्सकों के अनुसार वायरस को फैलने के लिए ठंड का मौसम अनुकूल रहता है। फलस्वरूप जिले में संभावित कोरोना के फैलाव को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। सप्ताह भर से अस्पताल में सभी कर्मचारी मास्क में नजर आ रहे हैं। साथ ही अस्पताल में आने वाले मरीजों को सावधानी बरतने के लिए चिकित्सकों द्वारा अपील की जा रही है।