महासमुन्द

भागवत कथा सुनने का फायदा तब जब हम उसे अपने जीवन में उतारे-संत गोवर्धन शरण
24-Dec-2023 3:26 PM
भागवत कथा सुनने का फायदा तब जब हम उसे अपने जीवन में उतारे-संत गोवर्धन शरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 24 दिसंबर। जगत विहार कॉलोनी मेंं हरिराम साहू, यामिनी इंगेश साहू, दीप्ती कुंदन साहू द्वारा अपने पूर्वजों के सम्मान और मुक्ति हेतु सिरकटी आश्रम के प्रसिद्ध प्रवचन कर्ता गोवर्धन शरण का भागवत कथा आयेजित है। उन्होंने कल श्रोताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि कोई भी कथा सुनने का फायदा तभी होता है जब हम उस कथा के रस को अपने जीवन में उतारेंगे, और उसका स्मरण करेंगे। तभी इससे जीवन में मंगल और आनंद की प्राप्ति होगी। अन्यथा उस कथा का हमारे जीवन में कुछ महत्व नहीं रह जाता और वह बस एक मनोरंजन बनकर रह जाता है। एक कान से सुनकर बाद में दूसरे कान से निकलने वाली बात हो जाती है।

उन्होंने कहा कि श्रीमद भागवत कथा सुनने से हमारे जन्मों के पाप नष्ट हो जाते हैं और इसको सुनने से मन में आध्यात्मिक विकास होता है। जहां अन्य युगों में मोक्ष की प्राप्ति करने के लिए कड़ी मेहनत और परिश्रम करनी पड़ती थी। वहीं कलयुग में श्रीमद भागवत कथा सुनने मात्र से मुक्ति मिल जाती है। मनुष्य के अंदर का सोया हुआ ज्ञान और वैराग्य सब वापस आ जाते हंै। भागवत कथा उस कल्पवृक्ष के समान हैं जो हमारी इच्छाओं की पूर्ति कर देता है।

उन्होंने कहा कि श्रीमद भागवत कथा हिन्दू धर्म के 18 पुराणों में से एक है। इसे भगवतम भी कहते हंै। इसका मुख्य उद्देश्य भक्ति मार्ग या योग है। श्रीमद भागवत कथा में भगवान श्री कृष्ण को सभी  देवों व स्वयं भगवान के रूप में दर्शाया गया है। भागवत कथा में रस भाव की भक्ति को भी बताया गया है। इसमें भगवान श्री कृष्ण की अनेक लीलाओं का वर्णन किया गया है जिसके सार को सुनकर मोक्ष की प्राप्ति होती है। श्रीमद भागवत कथा का श्रवण करने हेतु देवता भी तरसते रहते हैं। मानव प्राणी को इस कथा का लाभ व आशीर्वाद आसानी से मिल सकता है। श्रीमद भागवत कथा सुनने मात्र से मानव जीवन का पूरी तरह से कल्याण हो जाता है और कष्ट दूर हो जाते हैं।

कल जगत विहार कालोनी में भागवत सुनने भारी संख्या में श्रोता उपस्थित थे जिसमे महिलाओं की उपस्थिति अधिक थी। 


अन्य पोस्ट