महासमुन्द
बेघर लोगों ने कहा-रसूखदारों पर नहीं होती कोई कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 दिसंबर। जिले के बसना क्षेत्र के ग्राम पिरदा में खाड़ा तालाब मेड़ में डेढ़ दर्जन से ज्यादा गरीब परिवारों द्वारा अतिक्रमण कर झुग्गी झोपड़ी बनाकर रहने मामले में राजस्व और पुलिस विभाग की टीम ने बुलडोजर चलाकर उनका अवैध कब्जा हटाया है।
अतिक्रमण हटाए जाने के बाद वहां रहने वाले लोगों ने जिला प्रशासन पर सौतेला व्यवहार का आरोप लगाते हुए पूर्व में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वालों पर किसी प्रकार कोई कार्रवाई नहीं करने की शिकायत की है।
इस मामले में नायब तहसीलदार पिथौरा ने बताया कि अनुविभागीय अधिकारी राजस्व हेमंत नंदनवार ने हाल ही के दिनों में तहसील पिथौरा अंतर्गत शासकीय भूमि पर कब्जा करने वालों की जानकारी मांगी थी। जिस पर पटवारी रूपधर नायक और पिरदा सरपंच आदराम चौहान ने बताया कि विस चुनाव के दौरान पिरदा के शासकीय खाड़ा तालाब मेड़ में डेढ़ दर्जन से ज्यादा परिवारों ने झुग्गी झोपड़ी बनाकर अवैध कब्जा किया है। जिसे अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ने हटवाने के निर्देश दिये थे।
जिस पर राजस्व विभाग और पंचायत विभाग की टीम ने अतिक्रमण करने वालों को तालाब मेड़ से हटाने की समझाइश दी थी। कब्जा करने वाले लोगों ने बताया कि पंचायत द्वारा 2-3 वर्ष पहले 2 से 3 डिसमिल जमीन देंगे कहा गया था। परंतु अभी तक जमीन नहीं दी गयी है। पंचायत के चारों ओर शासकीय भूमि पर सैकड़ों अवैध मकानों का निर्माण किया जा चुका है। कुछ लोगों ने तो कब्जा कर मकान निर्माण कर बेचा भी है। उन पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
मालूम हो कि पुलिस के सहयोग से राजस्व विभाग,पंचायत ने अस्थायी तौर पर खूंटा गाडक़र कब्जा करने की नीयत से बनाई गई झुग्गी झोपड़ी को जेसीबी से हटाकर अतिक्रमण मुक्त किया है। इस दौरान अधिकारी हेमंत नंदनवार, नायब तहसीलदार रविंद्र काले, सरपंच, पटवारी, झगरेनडीह पटवारी रूपेशचंद्र भोई, नरसिंहपुर पटवारी अजय तेंदुलकर व पुलिस टीम मौजूद रही।
तालाब मेढ़ पर कब्जा करने वाली रमिला बरिहा, सुभाषिनी बरिहा, नूरा भोई, मीरा भोई सहित दर्जनों महिलाओं ने जमकर हंगामा किया और कहा कि प्रशासन का बुलडोजर गरीबों पर चलता है,रसूखदारों पर नहीं। पंचायत के चारों ओर सरकारी जमीन पर वर्षों से कब्जा करने वालों पर अब तक किसी की नजर नहीं पड़ी है। इसकी शिकायत कई बार पंचायत सहित प्रशासन से की जा चुकी है। रसूखदार लोग कब्जा कर मकान निर्माण कर बेच चुके हैं।
———----