महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21दिसंबर। कलेक्टर प्रभात मलिक ने कल समय-सीमा की बैठक में विकसित भारत संकल्प यात्रा के संबंध में समीक्षा की। साथ ही 25 दिसम्बर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस को सुशासन दिवस के रूप में मनाने के लिए आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को संकल्प यात्रा के तहत पंचायतों में लगाए जा रहे शिविरों में अधिक से अधिक लोगों को लाभ देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, केसीसी, उज्ज्वला गैस, पेंशन, राजस्व एवं श्रम विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं का मौके पर ही लाभ देना सुनिश्चित करें। उन्होंने मुख्य नगर पालिका महासमुंद को प्रशासकीय आवास में रह रहे सभी अधिकारी.कर्मचारियों से जल कर अनिवार्य रूप से लेने के निर्देश दिए। साथ ही शासकीय विभागों से भी साफ.सफाई व कचरा कलेक्शन का यूजर्स चार्ज लेने कहा गया। कलेक्टर ने आयुष्मान कार्ड अंतर्गत ग्राम पंचायतवार सूची बनाने के निर्देश दिए।
इसी तरह किसान क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड, उज्ज्वला गैस योजनाओं का भी पंचायतवार सूची के अनुरूप हितग्राहियों को चिन्हांकित कर लाभ देना सुनिश्चित करें। सामाजिक सुरक्षा पेंशन अंतर्गत सभी सीईओ को इस आशय का प्रमाण पत्र देना होगा कि संबंधित पंचायत में कोई भी प्रकरण लंबित नहीं है। टीबी, सिकल सेल और एनीमिया जांच के लिए शिविर स्थल पर ही सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए।
उन्होंने कहा कि शिविर में अधिक से अधिक मरीजों की जांच की जाए। राजस्व अधिकारियों को प्रत्येक शिविर में पटवारी एवं आरआई की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शिविर में ही सीमांकन, नक्शा बटांकन, खसरों का डिजिटल सत्यापन करने के निर्देश दिए। श्रम विभाग को अधिक से अधिक श्रमिक कार्ड बनाने कहा। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना अंतर्गत हितग्राहियों को लाभ देने कहा। उन्होंने कहा कि सभी पंचायतों में निर्मित अटल चौक की साफ. सफाई सहित पुताई की जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन दिवस का कार्यक्रम प्रात: 10 बजे प्रारम्भ होगा। जहां सुशासन के लिए के सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।