महासमुन्द

रायपुर जाने निकले युवक की लाश पटरी पर मिली, साथी गायब
15-Dec-2023 2:35 PM
रायपुर जाने निकले युवक की लाश पटरी पर मिली, साथी गायब

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,15 दिसंबर। घर से रायपुर जाने के नाम पर निकले युवक की लाश मंगलवार को कांटाबांजी के रेलपांत पर मिली है। जानकारी अनुसार उक्त युवक के साथ सफर कर रहा एक अन्य युवक भी लापता है। कांटाबांजी रेल्वे पुलिस ने युवक के मोबाइल से कुछ  नंबरों को डायल कर परिजनों को इसकी सूचना दी।

गुरुवार को देर रात शव महासमुंद लाया गया तथा आज अंतिम संस्कार किया गया। लगभग ढाई दिन पुराना शव हो जाने की वजह से शव पर दुर्गंध उठनी भी शुरू हो चुकी थी।

मिली जानकारी के अनुसार नयापारा वार्ड नंबर 8 संतोषी मंदिर के समीप रहने वाला युवक शेखर चंद्राकर पिता रामलाल (34 वर्ष) रायपुर निवासी अपने एक मित्र के साथ ओडिशा स्थित केसिंगा गया था। शेखर ने अपने घर में रायपुर जाना बताया था।

मंगलवार की रात वह केसिंगा स्टेशन से महासमुंद आने के लिए ट्रेन पर बैठा था। वह कांटाबांजी के आसपास ही है था कि चलती ट्रेन से गिर गया।

ट्रेन से गिरने की वजह से उसके नाक, कान, सिर में गंभीर चोटें आई।

ओडिशा रेल्वे पुलिस के मुताबिक वह रेलपांत पर कुछ देर मदद के लिय कराहता रहा, लेकिन समय पर उपचार नहीं मिलने की वजह से उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद से ही उसका साथी भी लापता है। साथी मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आखिरकार हादसा कैसे हुआ।


अन्य पोस्ट