महासमुन्द

परीक्षाओं में एकरूपता लाने इस बार लोकल स्तर सेट हो रहे प्रश्नपत्र, जनवरी प्रथम सप्ताह में होगी छमाही परीक्षा
14-Dec-2023 4:21 PM
परीक्षाओं में एकरूपता लाने इस बार लोकल स्तर सेट हो  रहे प्रश्नपत्र, जनवरी प्रथम सप्ताह में होगी छमाही परीक्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,14 दिसंबर।
परीक्षाओं में एकरूपता लाने जिला शिक्षा विभाग द्वारा अद्र्धवार्षिक परीक्षाओं के लिए प्रश्न पत्र इस बार लोकल स्तर पीआर ही तैयार की जा रही है। इन प्रश्न पत्रों की सॉफ्ट कॉपी सभी हाई व हायर सेकेंडरी स्कूलों में भेजी जाएगी। जिले के सरकारी स्कूलों में 9वीं से 12वीं कक्षाओं की अद्र्धवार्षिक परीक्षाएं जनवरी के प्रथम सप्ताह से शुरू होगी। 
इस बार कक्षा 10 वीं में 14 हजार 851 छात्र तथा 12वीं में 10 हजार 324 परीक्षार्थी कुल 25 हजार 175 परीक्षार्थी शामिल होंगे। 1-2 दिवस के भीतर ही समय सारिणी जारी हो जाएगी। परीक्षा में प्रश्न पत्रों की गोपनीयता बनाए रखने के लिए प्राचार्यों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा उपरांत उत्तर पुस्तिका पुस्तिकाओं का मूल्यांकन विषय शिक्षकों के माध्यम से उसी दिवस करने कहा गया है। ताकि एक तय समयावधि में परीक्षा परिणाम घोषित किया जा सके। प्राचार्य मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं को कार्यालय में सुरक्षित रखेंगे। जिला या विकासखंड स्तर के अधिकारी निरीक्षण के दौरान उन उत्तर पुस्तिकाओं का अवलोकन कर सकेंगे। प्राथमिक विद्यालयों में अद्र्धवार्षिक परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार हर साल अद्र्ध वार्षिक परीक्षाएं दिसंबर माह तक हर हाल में पूरी हो जाती है। लेकिन इस बार शिक्षक सहित पूरा विभागीय अमला विधानसभा चुनाव कार्य में व्यस्त था। चुनाव से लेकर परिणाम घोषित होने तक विभाग के चपरासी से लेकर अधिकारी व्यस्त थे। फलस्वरूप परीक्षा में विलंब हो गया। अब जनवरी के प्रथम सप्ताह में अद्र्धवार्षिक परीक्षा आयोजित करने के लिए विभाग जुटा हुआ है। 

अत: अब स्कूलों में जिन कक्षाओं के कोर्स अधूरे हैं। ऐसे कक्षाओं के विद्यार्थियों को शिक्षक अतिरिक्त कक्षाएं लेकर कोर्स पूरा करने कहा गया है। अर्धवार्षिक के बाद इस वर्ष बच्चों के अभ्यास हेतु प्री बोर्ड परीक्षाएं भी आयोजित की जाएगी। निजी स्कूलों में अर्धवार्षिक परीक्षाएं भी लगभग समाप्ति की ओर है। इन कक्षाओं में अद्र्धवार्षिक परीक्षा का अलग फॉर्मेट होता है। सरकारी स्कूलों अद्र्धवार्षिक परीक्षा के पहले 80 प्रतिशत सिलेबस पूरा करने कहा गया था। 

जानकारी मिली है कि कई सरकारी स्कूलों में टारगेट पूरा नहीं किया गया है। इससे अद्र्धवार्षिक परीक्षा में बच्चों को परेशानी उठानी पड़ सकती है। जिला शिक्षा विभाग की मानें तो अधिकांशत: स्कूलों में 70 प्रतिशत सिलेबस पूरा किया जा चुका है। इसे आधार मानकर ही अद्र्धवार्षिक परीक्षाओं के लिए जिला स्तर पर प्रश्न पत्र तैयार किए गए हैं। 

इस संबंध में सतीश नायर, सहायक संचालक महासमुंद का कहना है कि चुनाव की वजह से इस बार अद्र्धवार्षिक परीक्षा में विलंब हुआ है, लेकिन जनवरी के प्रथम सप्ताह में परीक्षा आयोजित की जाएगी। आगामी 1-2 दिनों में ही समय सारिणी जारी की जाएगी। एकरूपता लाने इस बार लोकल स्तर पर ही प्रश्न पत्र सेट किए जा रहे हैं।


अन्य पोस्ट