महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 दिसंबर। गुरुवार को मुख्य नगर पालिका अधिकारी टॉमसन रात्रे को अतिक्रमण हटवाने के लिए अमले के साथ स्वयं सडक़ पर उतरना पड़ा।
सीएमओ ने बीटीआई रोड पर अतिक्रमण देख पालिका अमले को फटकार लगाई। श्री रात्रे ने अमले से कहा कि बीते सप्ताह ही मुख्य मार्ग, बरोड़ा चौक से गुरुगोविंद सिंह उद्यान तक अतिक्रमण हटाने को कहा था, पर मार्गों पर ऐसा कुछ खास दिखाई नहीं दे रहा है।
सीएमओ अमले के साथ जेसीबी लेकर बीटीआई रोड से अतिक्रमण हटाने निकला। जेसीबी से अतिक्रमण हटाते देख दुकानदारों में हडक़ंप मच गया। सडक़ किनारे विज्ञापन बोर्ड, बांस बल्ला लगाकर व्यवसाय करने वालों करीब 20 से अधिक अतिक्रमण को हटाया गया।
ज्ञात हो कि पिछले दो सप्ताह से पालिका ने शहर के मुख्य मार्ग के अलावा अन्य मार्गों में सडक़ के दोनों किनारों पर अतिक्रमण कर अस्थाई दुकान लगाने वालों को हटाने के लिए अभियान की शुरुआत की है। पहले दुकान संचालित करने वालों को समझाइश दी गई फिर दुकान नहीं हटाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की शुरुआत की।