महासमुन्द

धान कटाई के लिए हाथ से अधिक मशीन का उपयोग हो रहा
08-Dec-2023 2:55 PM
धान कटाई के लिए हाथ से अधिक  मशीन का उपयोग हो रहा

महासमुंद, 7 दिसंबर। धान कटाई के लिए इन दिनों हाथ से अधिक मशीन का उपयोग हो रहा है। अब ब्यारे में पैरा देखकर किसी किसान के बड़े या छोटे होने का आंकलन नहीं लगा सकते। मशीनी युग में ब्यारा से अधिक खेत में पैरा देखने को मिल रहा है। किसान हार्वेस्टर के अलावा धान को मशीन से कटाई करवाकर थ्रेसर से खेत में ही मिंजाई कर रहे हैं और खेत से सीधे धान पहुंच रहा है। इससे किसान के समय व पैसे की भी बचत हो रही है। कुछ किसानों द्वारा हार्वेस्टर से धान की कटाई कराने के बाद पैरा को ग्रामीणों को न देकर खेतों में जलाया जा रहा है। पैरा जलाने से भूमि की ऊपरी सतह जो कि उपजाऊ होती है वह जलकर कठोर हो जाती है। जिससे उसकी उपजाऊ क्षमता कम हो रही है।  एक समय में बड़े किसान के पैरावट देखकर लोग अंदाजा लगाते थे कि उन्होंने कितने धान का उत्पादन किया है। पहले तो लोग मजदूरों की सहायता से हाथ से ही करपा बांधकर धान को ट्रैक्टर या बैलगाड़ी के माध्यम से किसान ब्यारे तक लेकर आते थे। किसान अलग-अलग किस्म के धान भी लगाते थे। धान की कटाई होने के बाद मिंजाई शुरू होता था। लेकिन आजकल बोआई से लेकर कटाई व मिंजाई तक किसानों को मजदूरों की आवश्यकता कम पड़ती है और पैसे की बचत हो रही है। अब गांवों में किसानों के पास खेती कार्यों के लिए बैल एवं भैंसा भी नहीं के बराबर हैं। गिने चुने किसान ही खेती कायों के लिए मवेशियों का उपयोग करते हैं। कुछ ही किसान दूध के लिए गाय या भैंस रखे हुए हैं। ऐसे किसान ही पैरा अपने बियारे तक ला रहे हैं। जिनके पास मवेशी नहीं हैं,वे पैरा खेत में ही छोड़ देना उचित समझ रहे हैं।


अन्य पोस्ट