महासमुन्द
खेतों में कटी फ सल के खराब होने का खतरा बढ़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 दिसंबर। चक्रवाती तूफान मिचौंग नेे किसानों के लिए परेशानी खड़ी कर दी है। मौसम खराब होने के कारण जिले में धान खरीदी भी बंद हो गई है। केंद्रों में रखे धान को तिरपाल से ढंककर बचाने की कोशिशें जारी है। खेतों में कटी फसल के खराब होने का खतरा बढ़ गया है। धान मीजने के बाद यदि सूख गया है और सूखने के बाद बारिश से भीग गया है तो खरीदी के न्द्र में नमीयुक्त धान रिजेक्ट होने की परेशानी भी किसानों को उठानी पड़ सकती है। इस वक्त धान करीदी केंद्रों में सन्नाटा पसरा हुआ है। इस मौसम ने धान खरीदी का खेल बिगाड़ दिया है। अनुमान है कि आगामी 2 दिनों तक धान की खरीदी प्रभावित रहेगी। यदि दो एक दिन में बारिश थम कर मौसम खुल भी जाता है तो सप्ताह भर खेत कीजमीन और धान को सूखने में लग जायेगा। तब कहीं जाकर कटाई का काम शुरू होगा। लेकिन खेतों में गिरे पड़े धान पौधों की कटाई में लागत तो दुगुनी हो जायेगी। यह स्थिति किसान के लिये दोहरी आर्थिक क्षति का कारण बन जाएगी।
धान खरीदी के नोडल अधिकारी जीएन साहू ने बताया कि पूरे जिले में खरीदी बंद है। मौसम के प्रभाव का व्यापक असर खरीदी पर पड़ रहा है। जब तक मौसम ऐसा बना रहेगा किसान भी केंद्रों तक नहीं पहुंचेंगे। केंद्रों में रखे धान को कैप कवर से ढंकने की पूरी व्यवस्था है। धान में 17 प्रतिशत तक नमी ही खरीदी के लिए मान्य है। केंद्रों में रखे नमी मापक यंत्र में धान में नमी की मात्रा 20 प्रतिशत से ज्यादा आ रही है। ऐसे में किसानों का धान रिजेक्ट होगा। इससे उन्हें परेशानी भी होगी और नुकसान भी उठाना पड़ेगा। ऐसी स्थिति में फिलहाल खरीदी प्रभावित रहेगी। क्योंकि 17 प्रतिशत तक नमी ही खरीदी के लिए मान्य है।
मालूम हो कि जिले में 182 उपार्जन केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी है। इस साल एक नवंबर से शुरू हुए धान खरीदी के लिए जिले के 1 लाख 58 हजार 756 पंजीकृत किसानों से 99 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। जिले के किसानों ने 2 लाख 28 हजार 614 हेक्टेयर में धान की फसल लगाई है। दिसंबर का पहला सप्ताह पूरी तरह बारिश से प्रभावित हुआ है। महासमुंद से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित चरौदा केंद्र प्रबंधक जयप्रकाश साहू के मुताबकि यहां खरीदे गए धान को बारिश से बचाकर रखना मुश्किल हो गया है। ऐसे में फिलहाल धान की खरीदी बंद है। इसी तरह शेरगांव स्थित उपार्जन केंद्र में मंंगलवार से ही किसान धान बेचने नहीं आ रहे हैं। यहां आसपास के 8 गांवों के किसान धान बेचने आते हैं। किसान हर रोज करीब 40-45 किसान धान लेकर पहुंच भी रहे हैं लेकिन धान खरीदी नहीं हो रही है।
जिला मुख्यालय के करीब स्थित झालखम्हरिया ग्राम पंचायत के उपार्जन केन्द्र में भी धान खरीदी प्रभावित है। पिछले दो दिनों से हुए मौसम में बदलाव के कारण यहां किसानों के फसल को काफी नुकसान भी हुआ है। जिले के सरायपाली के अधिकांश धान खरीदी केंद्रों में बारिश होने के कारण खरीदी बंद कर दी गई है और कई स्थानों पर खरीदी किए गए धान के बोरे भी भीग रहे हैं। समिति प्रभारियों ने किसानों से धान को समिति में न लाने की अपील की है।
धान खरीदी केंद्र प्रभारी अनिल प्रधान सागरपाली का कहना कि जिन किसानों का टोकन कट चुका है, वह निरस्त नहीं होंगे। बल्कि उनका समय बढ़ा दिया जाएगा और बारिश रुकने के बाद मौसम खुलते ही धान खरीदी सुचारू रूप से चालू होगी। उन्होंने शासन से अपील की है कि जिस तरह से धान खरीदी हो रही है उसी तरह से धान का उठाव भी जल्द किया जाए ताकि धान खरीदी में कोई दिक्कत ना हो!
बसंत कुमार पटेल, शाखा प्रबंधक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सरायपाली का कहना है कि मौसम में हुए बदलाव के कारण धान खरीदी वर्तमान में बंद है जैसे ही मौसम खुलेगा बारिश बंद होगी। धान का उठाव भी अभी ठीक से हो रहा है। कहीं भी धान खरीदी प्रभावित नहीं है। कहीं यदि लापरवाही के कारण धान के बोरे भीग गए हैं और धान को नुकसान होगा तो उसके लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
इसी तरह चक्रवाती तूफान की वजह से मौसम में बदलाव के कारण बसना क्षेत्र में कल बुधवार को भी रुक-रुक कर दिन भर हल्की बारिश होती रही। इससे मौसम सर्द हो गया है और यहां भी धान खरीदी प्रभावित है। धान की कटाई बंद है। खेतों में धान के पौधे जमीन पर गिर पड़ी है। किसान चिंतित हैं। यह बारिश उन किसानों के लिए परेशानी बना है जिनके धान कोठार में हार्वेस्टर से कटकर रखा है। बसना क्षेत्र में अभी तक 40 फीसदी धान कटाई और थ्रेसिंग हुआ है। जबकि 60 प्रतिशत फसल खेतों में है। जिसके नुकसान होने के आसार हंै। जिला सहकारी बैंक भंवरपुर अंतर्गत 14 धान खरीदी केंद्रों में बारिश की वजह से धान खरीदी दोदिनों से नहीं हो पायी है। सोमवार देर शाम से ही खरीदी केंद्र के फड़ में रखे धान की सुरक्षा के लिए तिरपाल से ढंक दिया गया है।