महासमुन्द
जिला मुख्यालय में बड़ी संख्या में बाहरी लोग पहुंचे, वेरिफिकेशन बिना ही किराएदार बने
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 दिसंबर। शहर सहित जिले भर में लोग बिना पुलिस वेरिफिकेशन कराए ही किराएदार रख रहे हैं। फलस्वरूप जिले भर में लगातार चोरी सहित अन्य अपराधों में इजाफा हुआ है। इन दिनों इंडस्ट्रियल इलाके बिरकोनी सहित जिला मुख्यालय में बड़ी संख्या में बाहरी लोग पहुंचे हैं। लेकिन इनमें से कुछ ही लोगों की मुसाफिरी पुलिस में दर्ज है।
अनेक अन्य राज्यों से आए लोगों को मामूली लालच में आकर लोग अपना मकान किराए पर दे रखें हैं। लेकिन उनसे आधार कार्ड जमा कराए हैं, न ही उनसे कोई कागजात मांग रहे हैं। इस तरह बिना जांच पड़ताल के अजनबी लोगों को इस तरह घर में रखना खुद एवं दूसरों के लिए खतरे का संकते है।
महासमुंद शहर में प्राइवेट कॉलेज, इंस्टीटयूट, स्कूल, सिक्योरिटी, फैक्ट्री,होटल, ढाबे व अन्य प्लेसेस हैं। जहां बड़ी संख्या में लोग काम कर रहे हैं। इनमें से बाहरी कर्मचारी अधिकांश हैं।इनका पुलिस वेरीफिकेशन नहीं कराया जाता है। इसके चलते पुलिस को आए दिन हुए अपराधियों को पकडऩे में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
मालूम हो कि नवंबर में बसना सांकरा की 19 दुकानों के शटर का ताला टूटा था। इसके बाद पिथौरा और कोहाकुड़ा में 6 दुकानों में चोरी की वारदात हुई थी। जिला मुख्यालय स्टेशन रोड की दुकानों में भी 3 माह पूर्व 4 दुकानों के ताले टूटे थे।
शहर के प्राय: हर वार्ड में एक बड़ा वर्ग किराए के मकान में निवास करता है। कोई 6 माह पूर्व ही शहर के नयापाराए हाउसिंग बोर्ड कालोनी तथा अन्य मोहल्लों में पुलिस ने अभियान चलाकर लोगों से आधार जमा कराया था। लेकिन इनमें से अनेक ऐसे भी थे जो घरों में मिले हीं नहीं। फलस्वरूप उनका वेरिफिकेशन नहीं हो पाया। जिला पुलिस द्वारा किराएदार को रखने से पहले उसकी आईडी व पुलिस को उसकी जानकारी देते हुए वेरिफिकेशन हेतु पूर्व में लोगों को हिदायत भी दी गई थी। लेकिन मकान मालिकों द्वारा उसे गंभीरता से नहीं लिया गया। यह अनदेखी सुरक्षा के लिहाज से मुसीबत पैदा कर सकती है।