महासमुन्द

ढाबे में ग्राहक और संचालक के बीच विवाद,काउंटर रिपोर्ट दर्ज
06-Dec-2023 7:44 PM
ढाबे में ग्राहक और संचालक के बीच विवाद,काउंटर रिपोर्ट दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,6 दिसंबर। ढाबा में ग्राहक और संचालक के बीच सिगरेट पीने व चुनावी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई हो गई। मारपीट के बाद दोनों पक्ष ने तुमगांव थाना पहुंचकर एक.दूसरे के खिलाफ  शिकायत की है। पुलिस ने काउंटर केस दर्ज किया है।

ग्राम कौंवाझर के मोहन लाल ध्रुव 31 साल पिता सुदराम ध्रुव ने पुलिस को बताया कि वह शान ए पंजाब ढाबा कांपा में कम्प्यूटर ऑपरेटर है। 4 दिसंबर रात करीब 8.30 बजे वह काउंटर में बैठा था। तभी पुष्पेंद्र चन्द्राकर नशे में आया और काउंटर में सिगरेट जलाने लगा। ढाबा मालिक ने उन्हें मना किया, तो वह गाली गलौज करते हुए हाथापाई करने लगा। प्रार्थी ने उन्हें समझाया फिर भी वह काउंटर में घुसने लगा और हाथापाई करने लगा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 294, 323 के तहत जुर्म दर्ज कर जांच में लिया है।

इसी प्रकार दूसरे पक्ष से ग्राम बेलटुकरी के पुष्पेंद्र चन्द्राकर 43 साल पिता माधव ने पुलिस को बताया कि 4 दिसंबर को वह बोर खनन के बाद मजदूरों को खाना खिलाने अमर पाल सिंह के ढाबे में गया। खाना खिलाने के लिए 2 हजार रुपए नगद उन्होंने काउंटर में बैठे व्यक्ति को दिया।

 पुष्पेंद्र का आरोप है कि इसके बाद ढाबा संचालक और उसके कर्मचारियों ने चुनाव के संबंध में उनके खिलाफ टिप्पणी की। साथ ही गाली गलौज करते हुए लोहे के रॉड से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर धारा 294, 323, 506, 34 के तहत जुर्म दर्ज कर जांच में लिया है।


अन्य पोस्ट