महासमुन्द
लिखा-चुनाव में मेरा मुकाबला भाजपा से नहीं बल्कि कांग्रेस के अपने पदाधिकारियों से रही
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 दिसंबर। महासमुंद जिले में विधानसभा चुनाव निपटते ही कांग्रेस-भाजपा दोनों दलों में भीतरघात की चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं। मतगणना के नतीजे आने के बाद पराजय के कारणों की तलाश दोनों ही दलों में शुरू हो गई है।
जिले की 4 सीटों में से 2 पर कांग्रेस तथा 2 पर भाजपा की पराजय हुई है। अभी समीक्षा बैठकें भी बाकी हैं। इस बीच कल महासमुंद से कांग्रेस प्रत्याशी रही कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ.रश्मि चंद्राकर के सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक मैसेज जारी किया है। इस मैसेज ने कांग्रेसजनों में खलबली मचा दी है। उन्होंने मैसेज में साफ कहा है कि चुनाव में मेरा मुकाबला भाजपा से नहीं बल्कि कांग्रेस के अपने पदाधिकारी लोगों से रही।
श्रीमती चंद्राकर ने वाट्सएप पर प्रेषित मैसेज में कहा.है-मेरे कार्यों में कुछ कमी रही होगी। जनादेश स्वीकार है। अपनी कमियों को दूर करते हुये आप सबकी सेवा में फिर से काम करूंगी। धन्यवाद महासमुंद।
आगे उन्होंने साफ किया है कि व्यक्ति विरोधी से लडक़र जीत सकता है पर अपने परिवार की लड़ाई में हार जाता है। चुनाव में मेरा मुकाबला भाजपा से नहीं बल्कि कांग्रेस के अपने पदाधिकारी लोगों से रहा। फिर भी मुझे 68442 वोट मिले। इसके लिए सभी साथियों का आभार।
वाट्सएप पर कल शाम यह मैसेज वायरल होने के बाद उन चर्चाओं को बल मिला है,जिसमें लगातार यह कहा जा रहा था कि कांग्रेस में भीतरघात हुई है। आरोप लगा है कि कांग्रेस के अनेक बड़े नेता व स्थानीय पदाधिकारी काम करने नहीं निकले। जो निकले उन्होंने क्षमतानुसार काम नहीं किया। जबकि टिकट मिलने के बाद से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. रश्मि चंद्राकर पार्टी नेताओं का मनाने में जुटी रहीं। डॉ. चंद्राकर को यहां से हार का सामना करना पड़ा।
यही स्थिति भाजपा में भी है। हालांकि भाजपा की यहां जीत होने के बाद संभवत: इसे हवा नहीं दी गई, लेकिन यहां भी पार्टी प्रत्याशी योगेश्वर राजू सिन्हा के प्रचार करने भाजपा के कुछ नेता निकले नहीं थे। बहरहाल दोनों दलों में समीक्षा बैठक की तैयारी जारी है।