महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 दिसंबर। भारतीय सांस्कृतिक निधि इन्टैक महासमुंद अध्याय, छत्तीसगढ़ प्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन,जनवादी लेखक संघ,कला परंपरा विरादरी एवं छत्तीसगढ़ी साहित्य समिति द्वारा स्थानीय देशबन्धु कार्यालय में स्व.ललित सुरजन की तृतीय पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर इन्टैक के संयोजक दाऊलाल चन्द्राकर ने स्व.ललित सुरजन की पत्रकारिता,सृजनशीलता व उनके कर्मठ व्यक्तित्व का सविस्तार उल्लेख करते हुए कहा कि श्री सुरजन आकर्षक व्यक्तित्व के धनी थे। छत्तीसगढ़ जनादेश के संपादक के. पी. साहू ने कहा कि वे प्रखर पत्रकार के साथ ही काफी मिलनसार थे। हर किसी को भी अपना बना लेने की उनमें अद्भुत क्षमता थी।
डॉ. रामगोपाल यादव ने कहा कि श्री सुरजन का महासमुंद की धरा से विशेष लगाव रहा। बन्धु राजेश्वर खरे ने संचालन व आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पत्रकार बाबूलाल साहू,सालिक राम कन्नौजे, देवीचंद राठी,प्रमोद कन्नौजे, टेकराम सेन चमक,उत्तम दुबे ,पोषण कन्नौजे,मोहन कन्नौजे ने श्रद्धा सुमन अर्पित किये। अंत में दो मिनट का मौन धारण के साथ ही श्रद्धांजलि सभा समापन हुआ।