महासमुन्द
अंबिकापुर से पहुंचे 2 प्रशिक्षित कुमकी हाथी, दोस्ती बनाने में जुटे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 30 नवंबर। क्षेत्र के प्रसिद्ध बारनवापारा अभ्यारण्य के बायसन (गौर) अब जल्द ही कोरिया के गुरु घासीदास नेशनल पार्क की शोभा बढ़ाएंगे, इसके लिए विगत पखवाड़े भर से प्रशिक्षित दो कुमकी हाथी बार के जंगल में भेज कर यहां के बायसन से दोस्ती बनाने में जुटे हैं। हाथी और बायसन की दोस्ती होते ही बायसन को पशु चिकित्सक ट्रैंकुलाइज गन से बेहोश कर उन्हें पकड़ कर कोरिया नेशनल पार्क शिफ्ट कर दिया जाएगा।
विभागीय जानकारी के अनुसार कोरिया के गुरु घासीदास नेशनल पार्क में करीब आधा सैकड़ा बायसनों को शिफ्ट करने की विभागीय योजना के लिए विभाग जुट चुका है। इस काम को अंजाम देने के लिए अंबिकापुर से 2 प्रशिक्षित कुमकी हाथियों को बारनवापारा अभ्यारण्य लाया गया है।
ज्ञात हो कि जंगल की परिस्थितिकी को संतुलित बनाए रखने के लिए वन्य प्राणियों को एक अभ्यारण्य से दूसरे अभ्यारण्य शिफ्ट किया जाता रहता है।

इस कड़ी में पांच साल पहले दिल्ली और कानन पेंडारी, बिलासपुर से काले हिरणों को बारनवापारा अभयारण्य में शिफ्ट किया गया था, जिसे अब वातावरण में ढाल कर जंगल में छोड़ा गया है, जहां की वे विचरण करते देखे जा सकते हंै। अब बारनवापारा अभ्यारण्य से बायसन को कोरिया स्थित गुरू घासीदास नेशनल पार्क मे छोडऩे की तैयारी चल रही है।
बलौदाबाजार डीएफओ मंयक अग्रवाल ने मीडिया को बताया कि बारनवापारा अभ्यारण्य से 40 से 45 बायसन को कोरिया स्थित गुरु घासीदास नेशनल पार्क में छोडऩे की तैयारी चल रही है। दो कुमकी हाथी पहुंच चुके हैं। इन हाथियों के जरिए बायसन को रेसक्यू कर कोरिया के नेशनल पार्क में छोड़ा जाएगा। अभी दोनों कुमकी हाथियों को जंगल में घुमाकर क्षेत्र से अवगत कराया जा रहा है।
बार अभ्यारण्य के रेंजर सुनील खोब्रागड़े के अनुसार बार पहुंचे दोनों हाथियों को जंगल में घुमाया जा रहा है। पहले ये हाथी जंगल को समझेंगे। इन्हें देखकर अभी डरकर भागने वाले बायसन धीरे-धीरे इनके मित्र बन जाएंगे। इसके बाद हाथियों के ऊपर महावत के साथ पशु चिकित्सक ट्रैंकुलाइज गन से बायसन को बेहोश करेंगे। इसके बाद इन बायसनों को कोरिया के अभयारण्य में शिफ्ट कर दिया जाएगा। इस प्रक्रिया में लंबा समय लग सकता है।
कोठारी क्षेत्र के वनभैंसे कमजोर हुए
ज्ञात हो कि बार अभ्यारण्य से लगे कोठारी वन परिक्षेत्र में वन विभाग की लापरवाही सामने आ रही है। सूत्रों के अनुसार यहाँ कोई 3 वर्ष पूर्व असम से लाये गए वनभैंसे देखरेख के अभाव में दिनोंदिन कमजोर होते जा रहे हंै। यहां पदस्थ वन अमला द्वारा वन भैंसों की देखरेख में लापरवाही बरतने के कारण यह स्थिति निर्मित हो रही है।