महासमुन्द

अतिक्रमण हटाने की अपील मियाद खत्म, अब पालिका ने शुरू की कार्रवाई
30-Nov-2023 3:29 PM
अतिक्रमण हटाने की अपील मियाद खत्म,  अब पालिका ने शुरू की कार्रवाई

मुख्य मार्ग के अलावा अन्य मार्गों को अतिक्रमणमुक्त करने अभियान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 30 नवंबर। नगर पालिका महासमुंद द्वारा शहर के मुख्य मार्ग के साथ अन्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने शुरू किए गए अभियान में  अतिक्रमण करने वालों को हटाने के निर्देश देने के बाद अब अमले ने कार्रवाई शुरू कर दी है। अमले ने मंगलवार को बीटीआई रोड में

सडक़ किनारे अतिक्रमण कर दुकान संचालित कर रहे दुकानों में समान जब्ती और हटाने की कार्रवाई की।

इसी क्रम में बुधवार को भी शहर के मुख्य मार्ग में कचहरी चौक से बरोंडा चौक और नेहरू चौक से स्वामी चौक तक सडक़ के  दोनों किनारे अतिक्रमण कर फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले व्यवसायियों के खिलाफ  कार्रवाई का क्रम जारी रखा। इस दौरान अपील के बाद भी दुकान लगाने वाले दो दुकानदारों के खिलाफ  चालानी कार्रवाई कर 5-5 सौ रुपए वसूल किया गया।

कार्रवाई में निकले पालिका के राजस्व अमले ने दुकानदारों को निर्देशित किया है कि वे सडक़ के किनारे फुटपाथ पर दुकान संचालित न करें अन्यथा पालिका उन पर कार्रवाई करेगी। जिसकी पूरी जवाबदेही दुकान संचालित करने वालों की होगी।

कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक अनीश ठाकुर,स्वच्छता निरीक्षक दिलीप चंद्राकर,अनुराग गुप्ता, ललित साहू, शुभम सोना, जयकिशन सोना और धनेंद्र चंद्राकर सहित अन्य कर्मी शामिल रहे।


अन्य पोस्ट