महासमुन्द
महासमुंद, 30 नवंबर। मुख्य नगर पालिका अधिकारी टॉमसन रात्रे ने बुधवार को अचानक पालिका कार्यालय के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। सीएमओ को अचानक देख अधिकारी-कर्मचारी के होश उड़ गए। निरीक्षण के दौरान जो अधिकारी-कर्मचारी अपने कक्ष से अनुपस्थित मिले, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
कहा जा रहाहै कि कार्यालय में विभिन्न विभागों के औचक निरीक्षण का उद्देश्य पालिका में जनहित के कार्यों में गति लाना है। इसी के मद्देनजर मुख्य नगर पालिका अधिकारी टॉमसन रात्रे ने ऑफिस खुलते ही उपस्थिति पंजी का अवलोकन कर कार्यालय में संचालित विभिन्न विभागों में दस्तक दी।
श्री रात्रे ने कहा कि अधिकारी.कर्मचारी समय पर कार्यालय में उपस्थित होवें और अपने कार्य के प्रति मुस्तैद रहें तथा जनहित के कार्यों को गति प्रदान करें। उन्होंने निर्देश में कहा कि समय-समय पर सभी विभागों का कार्यालयीन समय 10 बजे तक उपस्थिति की जांच की जाएगी। निर्धारित समय पर कार्यालय नहीं आने वाले अधिकारी कर्मचारियों पर नियमानुसार कार्रवाई करना प्रस्तावित किया जाएगा।