महासमुन्द
धान कटाई अब भी 60 फीसदी शेष
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 नवंबर। जिले भर की सहकारी सोसायटियों में धान खरीदी के 29 दिन बाद भी कोई खास धान की आवक नहीं है। इससे सोसायटियां चिंतित नजर आ रही है। जहां प्रतिवर्ष माह भर बाद सोसायटियों में धान विक्रय के लिये आपाधापी मची रहती थी। किन्तु इस बार अब तक सभी कार्य सामान्य रूप से चल रहे हैं। साथ ही इस बार धान खरीदी को लेकर दोनों दलों द्वारा की गई घोषणाओं के मद्देनजर किसान कर्ज माफी तथा धान का समर्थन मूल्य बढ़ जाने से अधिक लाभ की उम्मीद से धान नहीं बेच रहे हैं। जिले में 60 फीसदी धान की कटाई शेष होने की वजह से भी सोसायटियों में धान की पर्याप्त आवक नहीं हो पा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार पिछले 25 दिनों से जिले भर की दर्जन भर सहकारी सोसायटियों में धान खरीदी की बोहनी तक नहीं हुई थी। लगभग 3 दिनों तक इन सोसायटियों में बोहनी होने के बाद से सुचारू रूप से खरीदी का काम शुरू हुआ है। इस बार लगभग माह भर समय बीतने के बाद भी खरीदी में कोई खास दम नहीं दिखाई दे रहा है। जबकि इस बार जिले भर में फ ास्ट धान खरीदी के लिये बायोमेट्रिक सिस्टम प्रारंभ किया गया है।
सोसायटियों को लग रहा था कि इस बार धान की फसल अच्छी होने की वजह से बम्पर आवक होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अभी तक जिले में लगभग 60 फीसद कटाई शेष है। किसानों से हार्वेस्टर से जितनी जल्दी हो सके, फसल काटने कहा जा रहा है। लेकिन इस बीच बंगाल की खाड़ी और पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम को लेकर किसान चिंतित हैं। धान कटाई में जोर नहीं पकडऩे का एक कारण खेत की नमी भी है।
कई किसानों का कहना है कि वे चुनाव परिणाम आने के बाद ही धान विक्रय करेंगे। वैसे भी 17 फीसदी से अधिक नमी वाले धान की खरीदी नहीं करने के निर्देश हैं। नमी युक्त धान खरीदी न करने के आदेश के बाद धान की आवक में और भी कमी आई है। इसलिए किसान कटाई के बाद धान सुखाने में व्यस्त हंै ताकि विक्रय के दौरान किसी भी तरह की परेशानी का सामना करना न पड़े। हाल ही में नमी युक्त धान की खरीदी को लेकर विभाग ने एक कर्मी को निलंबित किया था।