महासमुन्द

जानलेवा हमला, युवक को 7 साल कैद
29-Nov-2023 3:46 PM
जानलेवा हमला, युवक को 7 साल कैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 नवंबर।
द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार पाण्डेय ने जानलेवा हमला करने के अपराध सिद्ध होने पर पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम अर्जुनी निवासी डायमंड बरिहा (24 वर्ष) को भादंवि की धारा 307 की के तहत 7 वर्ष तथा धारा 458 के तहत 5 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा से दंडित किया है। अर्थदंड 1-1 हजार नहीं पटाने पर 3-3 माह का कारावास पृथक से भुगतना होगा। 

अभियोजन के अनुसार 29 अक्टूबर 22 को शाम 4 बजे अर्जुनी निवासी खेमराज दुबे का पुत्र ज्ञानेश्वर दुबे अपने साथियों के साथ गांव के राधा कृष्ण मंदिर गया था। जहां शराब के नशे में डायमंड बरिहा पहुंचा और ज्ञानेश्वर से वाद-विवाद कर गाली-गलौज करने लगा। ज्ञानेश्वर ने अपने पिता खेमराज दुबे को घर में आकर जानकारी दी। तब खेमराज दुबे अभियुक्त डायमंड को समझा रहा था। उसी समय अभियुक्त ने खेमराज से अश्लील गाली गलौज की।

इस अवसर पर अभियुक्त की मां ने वहां आकर बीच-बचाव किया। इसके बाद खेमराज अपने घर चला आया। रात्रि लगभग साढ़े 9 बजे खेमराज अपने घर में खाना खाकर सोने की तैयारी कर रहा था। उसी समय अभियुक्त हाथ में लोहे का टंगिया लेकर पहुंचा और हत्या के इरादे से खेमराज के सिर पर प्राणघातक वार कर दिया। जिससे वह बेहोश हो गया। उसे उपचार के लिए पिथौरा ले जाया गया। जहां से रायपुर रिफर किया गया।

अभियोजन की ओर से पैरवी अतिरिक्त लोक अभियोजक भरत सिंह ठाकुर ने की।


अन्य पोस्ट