महासमुन्द

किसान खुदकुशी, फिंगेश्वर थाने का हेड कांस्टेबल लाइन अटैच
29-Nov-2023 3:26 PM
 किसान खुदकुशी, फिंगेश्वर थाने  का हेड कांस्टेबल लाइन अटैच

आत्महत्या नोट में फिंगेश्वर पुलिस पर एक लाख मांगने का जिक्र था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 29 नवंबर।
महासमुंद सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम लाफिनकला में रविवार को एक किसान ने फ ांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। मृतक ने मौत से पहले सुसाइड नोट में फिंगेश्वर पुलिस पर एक लाख मांगने का जिक्र किया था। 

इस मामले में जांच के बाद उक्त किसान को पीटने और रकम मांगने के मामले में गरियाबंद एसपी ने हेड कांस्टेबल दिलेश्वर बघेल को लाइन अटैच कर दिया है। साथ ही एसपी ने एडिशनल एसपी के नेतृत्व में जांच टीम भी गठित की है। ज्ञात हो कि मृतक महासमुंद जिले का निवासी है और मामला फिंगेश्वर जिला गरियाबंद का है। 

पुलिस सूत्रों के अनुसार गरियाबंद जिले के एसपी अमित तुकाराम काम्बले ने मामले को संज्ञान में लेते हुए तत्काल फिंगेश्वर थाने में पदस्थ हेड कांस्टेबल पर कार्रवाई की है। एसपी काम्बले ने कहा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी तह तक जांच कर मामले से जुड़े लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

मामला यह है कि महासमुंद जिले के लाफिनकला निवासी युवक राजाराम निषाद ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के भाई का आरोप था कि चोरी के मामले में राजाराम को थाने में बुलाकर पूछताछ के नाम पर पुलिस ने जमकर पिटाई की थी। आत्महत्या से पहले मृतक ने एक सुसाइड नोट लिखा था जिसमें एक लाख रुपए मांगने का आरोप पुलिस पर लगाया था। मामले में गरियाबंद और महासमुंद पुलिस के अधिकारियों ने सुसाइड नोट मिलने के बाद जांच के साथ कार्रवाई की बात कही थी।

इस मामले में प्रथम दृष्टया फिंगेश्वर थाने में पदस्थ हेड कांस्टेबल दुलेश्वर बघेल की संदिग्ध भूमिका को देखते हुए तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच करने की कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात पुलिस अधिकारियों ने कही है। 

आरोप है कि इस सौदेबाजी में मृतक राजाराम निषाद से एक लाख रुपए की मांग की गई थी। इसके अलावा पुलिस ने जिनके घर चोरी हुई थी, उसके लिए अलग से बाहरी समझौते के तौर मृतक की ओर से पुलिस को 20 हजार रुपए देने की बात हुई थी। मृतक राजाराम को रविवार यानी 26 नवंबर को 20 हजार रुपए लेकर फिंगेश्वर थाना बुलाया गया था। लेकिन उसने इसी सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मृतक राजाराम निषाद के पीछे उसकी पत्नी, तीन पुत्री, एक पुत्र हैं। ग्रामीणों के अनुसार राजाराम निषाद के पास चार एकड़ कृषि भूमि है। जिसमें वह खेती किसानी किया करता था। इसके अलावा राजाराम निषाद ने मछली पालन के लिए गांव का तालाब ठेके पर ले रखा था। नदी भी ठेके पर लिया था, जिससे उसकी अच्छी खासी आमदनी होती थी। 

परिजनों का कहना है कि राजाराम निषाद (42) की लाश रविवार सुबह पेड़ पर लटकी मिली थी। जिसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना महासमुंद पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और जेब की तलाशी ली तो सुसाइड नोट मिला था,  जिसे पुलिस ने ग्रामीणों के सामने पढक़र सुनाया था। सुसाइड नोट में फिंगेश्वर पुलिस पर चोरी के मामले को रफा दफा करने के लिए एक लाख रुपए की मांग करने का जिक्र है। इसके अलावा 20 हजार अलग से देने को कहा गया है। 
 


अन्य पोस्ट