महासमुन्द
बारिश की संभावना, उर्पाजन केंद्रों में धान के स्टेक को कैप कवर से ढंका
महासमुंद, 28 नवंबर। पश्चिमी विक्षोभ के चलते अचानक बदले मौसम के मिजाज ने किसानों और सोसायटी प्रबंधकों की नींद उड़ा दी है। चरौदा सोसायटी समेत कई सोसायटियों में मौसम को देखते हुए स्टेक पर कैप कव्हर चढ़ाया गया है।
इस मौसम से खासकर किसान और धान खरीदी केंद्र के प्रभारियों की चिंता बढ़ गई है। आनन-फानन में किसानों ने खलिहान में रखे धान को समेटकर सुरक्षित रखा है। लेकिन हार्वेस्टर मशीन की किल्लत से धान की कटाई का ेलेकर किसान परेशान हैं। खरीदी केंद्र प्रभारियों ने पॉलीथिन की व्यवस्था कर स्टेक कर रखे हुए धान को ढंककर बारिश में भीगने से बचाने का जुगाड़ बना लिया है।
हालांकि जिले के महासमुंद समेत बागबाहरा, पिथौरा, बसना और सरायपाली अंचल में भी इस बार पूरे खरीफ सीजन भर किसानों का मौसम ने बढिय़ा साथ दिया। लेकिन अब खरीफ फसल का अंतिम चरण यानी कटाई जोरों पर है। ऐसे में मौसम विभाग द्वारा बारिश की चेतावनी मिलने और आसमान में बदली के बाद बारिश की संभावना से किसान चिंता में हैं। कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अब भी 60 फीसदी धान की कटाई शेष है। केवल 40 फीसद धान की ही कटाई हुई है। मौसम विभाग से सूचना मिलने के बाद से जितनी जल्द हो सके अपने खेतों से किसान धान का उठाव कर रहे हैं तथा हार्वेस्टर के माध्यम से धान कटाई में जुटे हैं।
मालूम हो कि कल दिन भर शहर सहित आसपास क्षेत्र में अलसुबह से दिनभर मौसम का मिजाज बदला रहा। आज भी सुबह से बदली और सूरज की लुकाछिपी जारी है। कल पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहा और धूप भी नहीं निकली। इस वजह से तापमान में गिरावट हुई और मौसम ठंडा हो गया है।
(जिले भर के उपार्जन केंद्रों से आज तक कुल 33 हजार छप्पन किसानों से 1 लाख 52 हजार 745.8टन धन खरीदी की गई है। इसमें से 76 मिलरों को 5 हजार 157.60 टन धान जारी किया गया है। अब उपार्जन केंद्रों 1 लाख 31 हजार 443.48 टन धान शेष है।)