महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 नवंबर। दो दिन पहले ग्राम देवलभांठा के साई राइस मिल से चावल की चोरी करने वाले 4 आरोपियों को सोमवार को पुलिस ने पकड़ लिया है, वहीं दो आरोपी फरार हैं। जिनकी तलाश की जा रही है।
थाने से मिली जानकारी अनुसार पुलिस अधीक्षक महासमुंद धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपुंजे एवं एसडीओपी सरायपाली अभिषेक केशरी के मार्गदर्शन में जिले की पुलिस को अपराध एवं अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु निर्देशित किया गया था।
इसी क्रम में विगत 25 नवंबर को प्रार्थी देवेंद्र पटेल पिता दिलीप पटेल निवासी गिधापाली ने अपने राइस मिल से लगभग 35 बोरी उसना चावल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट पर थाना सरायपाली में अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया था। विवेचना के दौरान थाना प्रभारी शिवानंद तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली कि दो आरोपी अपने घर ग्राम खैरमाल, अर्जुंडा में छुपे हुए हैं। उन्होंने अपने पास चोरी गई उसना चावल रखा है।
सूचना पर पुलिस की टीम ने आरोपी के घर ग्राम खैरमाल में दबिश दी। जहां आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने अन्य 02 साथियों को भी शामिल होना बताया। जिस पर पुलिस ने उन्हें भी हिरासत ले लिया।
इस तरह 4 आरोपियों जगबंधु विशाल उम्र 22 वर्ष निवासी अर्जुंडा, पारेश्वर सिदार उम्र 18 वर्ष निवासी ग्राम अंतरला, शिवा तांडी उम्र 19 वर्ष निवासी खैरमाल, विलसन सागर उम्र 30 वर्ष निवासी खैरमाल के कब्जे से चोरी की गई 12 बोरी उसना चावल कुल 06 क्विंटल कीमत 18 हजार रुपए एवं घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल बरामद किया है।
आरोपियों ने अपराध करना कबूल किया, जिस पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जुडिशल रिमांड पर जेल भेजा है। 2 आरोपी फरार हैं जिनकी पातासाजी की जा रही है।