महासमुन्द
कमीशन कम होने की वजह से दुकानदार रूचि नहीं ले रहे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 नवंबर। शासन ने लोगों आर्थिक स्थिति को ऊपर उठाने के लिए राशन दुकानों में दैनिक उपयोगी वस्तुओं जैसे तेल, मसाले, पापड़, कापियां सहित अन्य वस्तुएं रखने की योजना निकाली है, लेकिन ग्राहक यहां से खरीदने में रुचि नहीं ले रहे हैं। बल्कि राशन विक्रेता भी इसमें ध्यान नहीं दे रहे हैं।
विक्रेताओं का कहना है कि मसाले, पापड़ तथा साबुन में मार्जिन काफी कम है। यदि एक साबुन बेचें तो महज 20 से 25 पैसे ही मिलते हैं। वहीं एक उचित मूल्य दुकान के आसपास अनेक दुकाने हैं। ऐसे में ग्राहक सीधे वहीं सभी सामग्रियां लेना पसंद करते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार जिले भर की राशन दुकानों में विभाग ने दैनिक उपयोगी वस्तुएं रखने के लिए विक्रेताओं को प्रोत्साहित किया था। जिले की लगभग 10 शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में चावल, नमक शक्कर के अलावा दैनिक उपयोग वस्तुओं का मिलना प्रारंभ भी हो चुका था। जहां से उपभोक्ताओं को उचित दर पर दैनिक उपयोगी वस्तुएं मिल रही थी।
उपभोक्ताओं को बाजार से कम दाम में यहां सामग्री मिलना था। लेकिन यहां उन्हें दाम अधिक लग रहे थे। फिलहाल जिन दुकानों को महिला समूहों द्वारा संचालित किया जा रहा है।
जिले में कुल 2 लाख 70 हजार राशन कार्ड में कुल 10 लाख 9 हजार लोगों का भरण पोषण हो रहा है। इनमें से 34 हजार 800 बीपीएल कार्ड हैं। वहीं अब एपीएल की संख्या 43 हजार 215 हो गई है। लगभग 8 हजार 415 राशन कार्ड अब तक बढ़ गए हैं। वहीं अन्य खाद्य सामग्री मिल रही है। सहकारी समितियों द्वारा संचालित राशन दुकानों में फिलहाल अन्य उत्पादों का श्री गणेश नहीं हो पाया है। विभाग के अधिकारियों द्वारा सहकारी समितियों के अध्यक्षों को प्रोत्साहित कर उन्हें भी दैनिक उपयोगी वस्तुएं रखने कहा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार शासन की मंशा है कि जिले के प्रत्येक राशन दुकानों में दैनिक उपयोग की वस्तुएं जैसे खाद्य तेल, मसाला, साबुन, कापियां पेन सहित मोबाइल रिचार्ज तथा बैंकिंग की सुविधा शुरू हो। दरसल शासन विक्रेताओं के स्तर को ऊपर उठाने तथा उपभोक्ताओं को सस्ते दर पर अन्य किराना सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश भर की शासकीय उचित मूल्य की दुकानों को मॉडल राशन दुकान बनाने जा रही है। 2 वर्ष पूर्व ही राशन दुकानों में दैनिक उपयोगी वस्तुएं रखने की नींव रखी जा चुकी थी। लेकिन विक्रेताओं द्वारा रुचि नहीं लेने की वजह से यह सेवा प्रारंभ नहीं हो सकी थी। अब विभाग द्वारा विक्रेताओं को चावल, शक्कर, नमक के साथ ही अन्य सामग्रियों को रखने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
जिले में अभी कुल 593 राशन दुकानों का संचालन सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत होता है। इनमें अभी चावल, शक्कर और नमक आदि का वितरण किया जाता है। मॉडल दुकान योजना के तहत इन दुकानों पर अब दूसरी उपभोक्ता सामग्री और घरेलू उपयोग की वस्तुएं बेचने से दुकान संचालकों का फायदा बढ़ सकता था।
इस संबंध में फुड इंस्पेक्टर सुशील शर्मा ने कहा कि राशन विक्रेता क्यों रूचि नहीं ले रहे इसके लिए सर्वे कराता हूं। समस्या का समाधान होगा।